भूमिपूजन के साथ गोपाला स्थान पर निर्माण शुरू
नरकटियागंज के गोपाला ब्रह्मस्थान का सौंदर्यीकरण कार्य रविवार से शुरू हुआ। इस पर 59 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। तालाब का सौंदर्यीकरण शहरवासियों के लिए सहूलियत लाएगा और छठ व्रतियों को भी लाभ होगा। ईओ...

नरकटियागंज, हमारे संवाददाता। नगर के गोपाला ब्रह्मस्थान का सौंदर्यीकरण कार्य रविवार को शुरू हो गया। इससे पहले पूजा पाठ के साथ भूमिपूजन किया गया। मौके पर सभापति रीना देवी ने कहा कि गोपाला स्थान के सौंदर्यीकरण पर फिलहाल 59 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। तालाब का सौंदर्यीकरण होने से शहर के लोगों को सहूलियत होगी। तालाब के किनारे छठ घाट बनता है। छठ के अवसर पर भीड़ उमड़ती है। तालाब का सौंदर्यीकरण होने से छठ व्रतियों को भी सहूलियत होगी। ईओ उपेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि गोपाला ब्रह्म स्थान का सौंदर्यीकरण कर इसे पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करना है।
फिलहाल तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किया गया है। पोकलेन मशीन से तालाब का बांध बनाया जा रहा है। उसके बाद एक तरफ के घाट पर 150 फीट की लंबाई में पक्की सीढ़ी का निर्माण कराकर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जल जीवन हरियाली अभियान योजना के तहत शुरू हुए इस कार्य को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करने का निर्देश संवेदक को दिया गया है। उप सभापति पूनम देवी ने कहा कि गोपाला स्थान नगर का रमणीक स्थल है। दिन में यहां गांव गिराव से भी लोग आकर बैठकर आराम करते हैं। यहां मंदिर में शादियां होती रहती हैं। मेले का आयोजन भी होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।