सुपौल : नारायणपुर गांव में बदमाशों का दिखा तांडव, लूटपाट के बाद मदद को पहुंचे लोगों को पीटा
राघोपुर के नारायणपुर मुरली गांव में मंगलवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बाइक सवार युवक से लूटपाट की। बदमाशों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया और यूपीआई के जरिए 30,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब पीड़ित...

राघोपुर, एक संवाददाता। सरायगढ़ भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर मुरली गांव में मंगलवार की रात करीब 8 बजे बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने एक बाइक सवार युवक के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान पीड़ित की सूचना पर पहुंचे परिजनों को भी बदमाशों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया। वहीं सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। राघोपुर रेफरल अस्पताल में इलाज को लेकर भर्ती घायल राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही वार्ड 8 निवासी मो. असफाक ने बताया कि भीमपुर थाना क्षेत्र निवासी सह रिश्ते के भतीजा मो. आजाद ने उसे बताया कि वह एक बाइक से निर्मली जा रहा था।
इसी क्रम में सरायगढ़ भपटियाही थाना क्षेत्र में एनएच 27 किनारे वह एक चाय दुकान पर रुका। इसके बाद वह चाय पीकर वापस आगे निकलने के लिए बाइक स्टार्ट की। इसी बीच अचानक एक लड़का उसके बाइक पर जबरन पीछे बैठकर पिस्तौल सटा दिया और चुपचाप बाइक लेकर आगे बढ़ने कहा। इस दौरान उसके साथ एक बाइक पर पीछे से दो और बदमाश उसे फॉलो करने लगा। वहीं बदमाशों ने नारायणपुर मुरली गांव के सुनसान इलाके में उसे ले जाकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं जबरन हथियार के बल पर यूपीआई के जरिए 30 हजार रुपए एक अकाउंट में ट्रांसफर करा लिया। इसके बाद बदमाशों ने उसके पास से मोबाइल लूट ली। घटना के बाद पीड़ित आजाद ने इसकी जानकारी उसे दिया। जिसके बाद वह करीब सात लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान मौके पर 40 से 50 की संख्या में हथियारबंद बदमाशों ने उन लोगों के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। जिसके बाद किसी तरह वे लोग जान बचाकर वहां से निकलकर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचे। सरायगढ़ भपटियाही थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना को लेकर फिलहाल किसी तरह का कोई आवेदन नहीं मिला है। जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हाथ के उंगली को छूकर निकली गोली : घटना के बाद सूचना पर पहुंचे पीड़ित धर्मपट्टी वार्ड 9 निवासी मो. लाल (32 वर्ष) ने बताया कि वह अपने भतीजा मो. आजाद के साथ लूटपाट होने की सूचना पर सात लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान हथियारबंद बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जिसके बाद वे लोग इधर उधर भागने लगे। इसी क्रम में एक गोली उसके हाथ की उंगली को छूकर निकल गई। जिस कारण वह बुरी तरह घायल हो गए। कहा कि घटना को लेकर आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई जाएगी। आस-पड़ोस के लोगों ने नहीं की मदद : घटना के बाद पीड़ित पक्ष के लोगों का आरोप है कि जब वे लोग लूटपाट की घटना का विरोध करने नारायणपुर मुरली गांव स्थित घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां 40 से 50 की संख्या में बदमाश जमा थे। इस दौरान बदमाशों ने लूटपाट का जिक्र सुनते ही उन लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने एक तरफ गोलीबारी की। वहीं दूसरी तरफ बाइक के सेलेंसर से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद पीड़ित लोग आस-पड़ोस के घरों में जाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन लोगों ने उल्टा बदमाशों का साथ दिया।वहीं कई लोगों ने उल्टा पीड़ित लोगों के साथ मारपीट की तो किसी ने दरवाजा बंद कर लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।