सुपौल : मौसम का बदला मिजाज, गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश
राघोपुर में शनिवार सुबह मौसम में बदलाव आया, जिसमें तेज हवा और बारिश हुई। तापमान में चार डिग्री की गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश ने फसलों को फायदा पहुंचाया, लेकिन सिमराही बाजार...

राघोपुर । एक संवाददाता प्रखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पूर्वानुमान के मुताबिक मौसम का मिजाज बदल गया। इस दौरान तेज हवा और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हो रही है। जिस कारण तापमान में चार डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वहीं कृषि वैज्ञानिक मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि बरसात होने से आम और लीची को लाभ मिलेगा। इसके अलावा जमीन को नमी मिली है। हरी सब्जियों को लाभ मिलेगा।
उधर बारिश होने से सिमराही बाजार के विभिन्न जगहों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस दौरान सिमराही बाजार के हॉस्पिटल रोड, स्टेशन रोड, बैंक रोड, आदि जगहों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। जिस कारण लोगों को आवाजाही में कड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर जलजमाव के कारण घुटने भर गंदे पानी से लोग गुजरने को मजबूर है। नगर पंचायत सिमराही के मुख्य पार्षद यशोदा देवी ने बताया कि जलजमाव होने वाले जगहों को चिन्हित कर तत्काल जल निकासी कराई जाएगी। इसके अलावा जल्द स्थाई समाधान के लिए कार्य किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।