हल्की बारिश में ही नेहरू चौक मेन रोड बदहाल, आवागमन प्रभावित
छपरा में पहली बारिश के बाद सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन गई है। नेहरू चौक-गांधी चौक मेन रोड पर 300 फीट लंबा जलजमाव है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। नगर निगम ने नालों की सफाई नहीं की है, जिससे...

तीन सौ फीट लंबे आकार में लगा है बारिश का पानी गड्डे नुमा सड़क पर जलजमाव से दुर्घटना की आशंका छपरा, एक संवाददाता। पहली बारिश में ही नेहरू चौक-गांधी चौक मेन रोड पर हुए जलजमाव ने छपरा नगर निगम की कलई खोल दी है। प्रतिमाह सफाई व नाला उड़ाही के नाम पर लगभग एक करोड़ रुपए से अधिक रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन लोगों को जलजमाव से राहत नहीं मिल पा रही है। बताया जाता है कि नेहरू चौक के उतर दिशा में बने नाला की सफाई 15 वर्षों व दक्षिण दिशा की नाला की सफाई पांच वर्षो से नहीं हो पाई है।
नाला सफाई नहीं होने के कारण सड़क पर जलजमाव बना है। मालूम हो कि यह सड़क मुजफ्फरपुर, पटना, हाजीपुर समेत जिले के मकेर ,भेल्दी,परसा, अमनौर, दरियापुर, सोनपुर समेत अन्य जगहों पर आने जाने का मुख्य पथ है। इसी जगह से इन जगहों पर जाने के लिए वाहन प्रतिदिन खुलते हैं। सबसे अधिक तो इन जगहों पर स्थानीय व ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों को कठिनाई होती है। बच्चों के साथ साथ महिलाओं को इस रास्ते से गुजरने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। शहर में सरकारी व प्राइवेट नौकरी करने वाले लोगों के अलावा बुजुर्ग लोगों को तो आवागमन करने में काफी परेशानी हो रही है। तीन सौ गज लंबे आकार में लगे जलजमाव से जहां दुर्घटना की आशंका बनी हुई है वहीं आवागमन पूरी तरह से प्रभावित होने लगा है। कहने को तो निगम के पास पानी खींचने के लिए कई सक्शन मशीन है फिर भी लोग जलजमाव का दंश झेलने पर मजबूर हैं। बताया जाता है कि बरसात के शुरुआती दौर में शहर की सड़कों पर पानी लगने लगा है तो सावन भादो में इसी से शहर की स्थिति का आकलन किया जा सकता है। नेहरू चौक से गांधी चौक मेन रोड तीन वार्ड 34,35 व 38 के अंतर्गत आता है लेकिन इस रोड की दशा अन्य जगहों की अपेक्षा काफी भयावह है। मोटरसाइकिल,ठेला, रिक्शा, टेंपो को इस जलजमाव वाले गड्डेनुमा सड़क से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं है। स्थानीय पार्षद कुंती देवी, पूर्व वार्ड पार्षद डॉ संतोष शर्मा ने बताया कि निगम से उक्त बंद नाला की सफाई के लिए अनेकों बार शिकायत की गई लेकिन निगम की ओर से अबतक सुधि नहीं ली गई। कई वर्गों के लोग जलजमाव से रहे परेशान सड़क के किनारे चाय की दुकान चलाने वाला संतोष राय, खैनी दुकानदार प्रभात कुमार, किराना दुकानदार संतोष सिंह, रामेश्वर महतो, डॉ लक्ष्मण सिंह, डॉ मुन्ना पंडित, टुनटुन साह,प्रकाश श्रीवास्तव, कृष्णा साह ने बताया कि इस जलजमाव के कारण उनकी दुकान पर एक भी ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं। यह पथ जानलेवा बन गया है। शहर में दो दर्जन से अधिक जगहों पर है जलजमाव शहर के दो दर्जन से अधिक जगहों पर जलजमाव बना है। मौका से साढ़ा रोड, मोहननगर, नेहरू चौक से 44 नंबर ढाला, सलेमपुर रोड,भगवान बाजार थाना रोड , स्टेट बैंक कॉलोनी समेत कई अन्य जगहों पर जल जमाव बना है। इससे मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। मानसून की पहली बरसात में ही सड़कों पड़ दिखा भारी जल जमाव फोटो 19: भगवान बाजार थाना रोड पर जल जमाव छपरा, हिंदुस्तान संवाददाता। गर्मी से राहत दिलाने वाली मानसून की पहली बरसात से शहर के सड़कों पर भारी जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शहर के कई प्रमुख चौक चौराहा और बाजारों में जल जमाव की स्थिति देखी गई। छपरा शहर के सलेमपुर, दहियावा, भगवान बाजार और गुदरी बाजार में जल जमाव से आम जन जीवन प्रभावित होने लगा है। शहर के मुख्य सड़क को छोड़ कर लगभग सभी सड़कों पर थोड़ा या ज्यादा जल जमाव देखने को मिल रहा है। राहगीरों का कहना था कि नगरनिगम नालों की सफाई के नाम पर नाले का ढक्कन हटा कर महीनों ऐसे ही छोड़ देता है। इससे स्थानीय लोगों को आने जाने में समस्या होती है। टोटो चालकों का कहना है कि कभी कभी तो सवारी के साथ ही टोटो गंदे पानी में ही पलट जाता है। इससे यात्रियों को चोट भी लग जाती है और कपड़ा अलग से खराब हो जाता है। जब सड़कों पर जल जमाव होता है तो सड़क का गड्ढा दिखाई नहीं देता है और उसी गड्ढे में टोटो का चक्का अचानक चले जाने से सड़क दुर्घटना हो जाती है। स्थानीय लोग सड़कों पर होने वाले जल जमाव की समस्या के आगे लाचार नजर आते है। लोगों द्वारा चुने गये जनप्रतिनिधि से शिकायत तो सबाकी है लेकिन समाधान नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।