बजट सत्र के बीच डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का दिल्ली दौरा, अमित शाह से मुलाकात पर क्या बोले
- बजट सत्र छोकर सीएम और बिहार बीजेपी के बड़े लीडर विजय कुमार सिन्हा दिल्ली पहुंच गए। उन्होंने पार्टी के चाणक्य और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर भी किया।

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र चल रहा है। 28 फरवरी को शुरू हुआ बजट सत्र 28 मार्च तक चलेगा। इस बीच डिप्टी सीएम और बिहार बीजेपी के बड़े लीडर विजय कुमार सिन्हा दिल्ली पहुंच गए। उन्होंने पार्टी के चाणक्य और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर भी किया। विजय सिन्हा ने लिखा है कि अमित शाह से मार्गदर्शन प्राप्त किया। सूबे के सियासी गलियारे में चर्चा है कि अमित शाह से विजय सिन्हा ने आखिर किस मुद्दे पर मार्गदर्शन लिया।
सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें जारी कर विजय सिन्हा ने कहा कि आज नई दिल्ली में देश के यशस्वी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री आदरणीय अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्नेह, सानिध्य और मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान बिहार के विकास से जुड़े विषयों पर भी सार्थक परिचर्चा हुई। आज गुरवार को बिहार विधानसभा के बजट सत्र का पांचवां दिन था। विजय कुमार सिन्हा इसमें शामिल होने के बजाए दिल्ली चले गए।
विजय कुमार सिन्हा भले ही इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बता रहे हों पर राजनैतिक हलके में इसके मायने तलाशे जा रहे हैं। बजट सत्र छोड़ कर दिल्ली जाने को शिष्टाचार बताया जाना विजय सिन्हा के विरोधियों को हजम नहीं हो रहा है। चर्चा है कि विजय सिन्हा ऐसे ही दिल्ली नहीं गए हैं। कोई ना कोई बात तो है।
पिछले दिनों नीतीश कुमार ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया था जिसमें बीजेपी से सात विधायक मंत्री बनाए गए और कई मंत्रियों का पावर कट हो गया। विजय सिन्हा से भी पथ निर्माण विभाग ले लिया गया और नीतीन नवीन को दे दिया गया। सिन्हा को मंगल पांडे से वापस लेकर कृषि विभाग दिया गया। चर्चा थी कि कंस्ट्रक्शन माफिया के प्रभाव से उनसे यह विभाग ले लिया गया। लेकिन विजय सिन्हा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी।