हवन व कन्या पूजन के साथ शतावृति पाठ संपन्न
हवन व कन्या पूजन के साथ शतावृति पाठ संपन्न

बड़हिया, एक संवाददाता। नगर स्थित अतिप्राचीन मां काली मंदिर में आषाढ़ कृष्णपक्ष प्रतिपदा से प्रारम्भित तीन दिवसीय शतावृति पाठ का आयोजन शनिवार को विधिवत हवन पूजन के साथ संपन्न हो गया। हवन की पूर्णाहुति उपरांत सविधि कन्या पूजन का आयोजन किया गया। धूप, दीप, पुष्प, नैवेद्य व वस्त्रादि आदि से किये जा रहे बाल स्वरूपा कन्या पूजन के दौरान मनमोहक दृश्य बने रहे। उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होते रहे। अनुष्ठान स्थल से निकलकर चहुंओर फैल रहे सुगन्धित औषधीय गंध व सस्वर दुर्गा सप्तशती श्लोकों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। स्वाहा स्वाहा के साथ उच्चारित हो रहे अभिमंत्रित मंत्रो के बीच श्रद्धालु आस्था में गोते लगाते रहे।
विदित हो कि जगत कल्याण की कामनाओं के साथ गुरुवार से दुर्गा सप्तशती का शतावृति पाठ किया जा रहा था। सर्वश्री कृष्णानंद ठाकुर के देखरेख में चल रहे अनुष्ठान में शामिल 11 विद्वत्व ब्राम्हणों द्वारा दशांश सहित 110 बार सम्पूर्ण दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। जिसमें पाठक स्वरूप कृष्णानन्द ठाकुर समेत विनय कुमार झा, महेंद्र पाठक, मुरारी पांडेय, रमेश झा, ललित झा, ब्रह्मदेव झा, राहुल झा, ध्रुव झा, अमलेंदु झा, गौतम झा और जयकिशोर भगत शामिल थे। अनुष्ठान के सफल आयोजन में व्रजदेव शर्मा, रामईश्वर सिंह, रामाकांत सिंह, नंदकिशोर सिंह आदि का सहयोग महत्ववपूर्ण रहा। अनुष्ठान में शामिल पाठक ब्राह्मणों के ही सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के समापन उपरांत कन्या भोज व महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। मौके पर काफी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।