गांधी चौक क्षेत्र में जलजमाव, जर्जर सड़कें व पेयजल संकट से फजीहत
गांधी चौक क्षेत्र के निवासी सड़क, नाले और जल आपूर्ति की खराब स्थिति से जूझ रहे हैं। यहां जलजमाव के कारण छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और स्थानीय व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। लोग प्रशासन की...
नगर निगम क्षेत्र के गांधी चौक इलाके में रहनेवाले लोगों को गंभीर समस्याओं से जूझना होता है। यह क्षेत्र शहर के भीतर आने का एक महत्वपूर्ण लिंक मार्ग है। यहां के लोगों का कहना है कि मोहल्ले में सड़क, नाले और नल-जल की स्थिति बदहाल है। वर्षों से इस इलाके में बुनियादी संरचनाओं की उपेक्षा होती रही है और नतीजा यह है कि आज यह क्षेत्र विकास के हर मानक पर पीछे छूटता जा रहा है। स्थानीय निवासी सर्वण नायक, मो. अलाऊद्दीन, गणेश यादव और अनिल मंडल ने बताया कि उनकी शिकायतें वर्षों से अनसुनी हो रही हैं। इनका कहना है कि बरसात के मौसम में गांधी चौक और इससे जुड़े मार्गों की स्थिति इतनी बदतर हो जाती है कि यहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं होता है।
सड़क पर बने गहरे और बड़े-बड़े गड्ढे बारिश का पानी भरने के बाद अदृश्य हो जाते हैं, जिससे राहगीर दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। इन खस्ताहाल सड़कों पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी चुनौती है। हाल ही में एक ई-रिक्शा सड़क पर बने गड्ढे में फंसकर पलट गया। हादसे में रिक्शे में बैठे यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों का कहना है कि इस तरह के हादसे कई बार हो चुके हैं। बारिश के मौसम इस तरह के हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों की पीड़ा इस बात से भी है कि कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस पहल नहीं हो रही है। मोहल्ले के दिनेश साह, राजू पंजियार, मनोज कुमार महतो, नरेश कुमार नायक आदि का कहना है कि गांधी चौक से सूड़ी स्कूल तक जानेवाली सड़क भी बेहद जर्जर है। इस रास्ते में कई स्कूल हैं, जहां छोटे बच्चे पढ़ने जाते हैं। बारिश के मौसम में जलजमाव के कारण बच्चे स्कूल तक नहीं पहुंच पाते और जो पहुंचते हैं उन्हें गंदे पानी से मच्छरों और अन्य तरह के संक्रमण का खतरा बना रहता है। अभिभावकों को बच्चों को गोद में उठाकर जलजमाव वाली सड़कों से स्कूल तक पहुंचाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यह मार्ग न केवल रिहायशी इलाकों को जोड़ता है, बल्कि यहां कई निजी बैंक, दुकानें और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान भी चलते हैं। इस कारण यहां हजारों की संख्या में लोग प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। यह अत्यधिक व्यस्त मार्ग होने के बावजूद प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है, जिससे आमजन के मन में आक्रोश गहराता जा रहा है। चिंताजनक तथ्य यह है कि नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से अब तक समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं होती दिख रही है। नाले की निरंतर साफ-सफाई नहीं होने से समस्या: लोगों का कहना है कि मधुबनी नगर निगम के अधिकारी भले ही रोजाना शहर में सफाई होने का दावे करते हैं लेकिन गांधी चौक समेत कई मोहल्लों की जमीनी हकीकत इन दावों की सच्चाई पर सवालिया निशान लगाती है। इन गलियों में हर रोज गंदा पानी जमा रहता है, कूड़ा-कचरा सड़कों पर बिखरा होता है और बदबू के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल होता है। वरीय अधिकारी को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। जलजमाव के कारण व्यापार पर आया संकट स्थानीय गणेश यादव, अनिल मंडल आदि ने कहा कि मधुबनी नगर निगम क्षेत्र के गांधी चौक इलाके में बारिश के मौसम में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर महीनों तक जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। यह न केवल आम नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बनता है, बल्कि स्थानीय व्यापारियों के व्यापार पर भी संकट मंडराने लगा है। इनका कहना है कि इससे व्यापार प्रभावित हुआ है। गंदे पानी के जमा होने से दुकानों के सामने कीचड़ और बदबू फैल जाती है, जिससे ग्राहक इन दुकानों की ओर रुख नहीं करते। इससे व्यापार ठप हो जाता है और व्यापारी वर्ग मायूसी से घिर जाता है। यह स्थिति सिर्फ असुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कई छोटे दुकानदारों के सामने जीविका चलाने का संकट खड़ा हो गया है। गांधी चौक क्षेत्र में यदि जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं है, तो यह नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासनिक लापरवाही की कीमत अब वह वर्ग चुका रहा है। स्थानीय व्यापारी कई बार नगर निगम से जलनिकासी की व्यवस्था सुधारने की मांग कर चुके हैं। बोले जिम्मेदार: गांधी चौक इलाके में सफाई कर्मियों द्वारा निरंतर साफ-सफाई किया जाता है। खराब सड़क की स्थिति को लेकर शहरवासियों को जो परेशानी होती आ रही है, जल्द ही सड़क नाला निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। टेंडर निकाला गया है। वार्ड के कई इलाकों में यह निर्माण कार्य चालू कर दिया गया है अन्य सभी वार्डो में कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा। -अनिल कुमार चौधरी,नगर आयुक्त, मधुबनी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।