इस साल भी बारिश में डूबेगा तिलक मैदान रोड
मुजफ्फरपुर में मानसून के करीब आने से तिलक मैदान रोड पर जलनिकासी की समस्या बढ़ रही है। स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत नाले को कनेक्ट करने में देरी हो रही है, जिससे बारिश में जलजमाव की आशंका है। स्थानीय...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। मानसून करीब है। अगर झमाझम बारिश हुई तो तिलक मैदान रोड का डूबना तय है। वजह है जलनिकासी का प्रभावी इंतजाम नहीं होना। जलनिकासी के लिए स्मार्ट सिटी के तहत बने नाले से लोकल नाले को कनेक्ट करना था। इसे जोड़ने के लिए महज 33 फीट नाला बनना था। नाला नहीं बनने से नवयुवक समिति के पीछे का नाला कनेक्ट नहीं हो सका। इसके कारण पानी निकासी की समस्या बरकरार है। वार्ड संख्या 23 के पार्षद कन्हैया गुप्ता के मुताबिक नाला निर्माण के लिए गड्ढा खोदा गया था पर ट्रांसफॉर्मर की बाधा सामने आ गई। बाद में ट्रांसफॉर्मर हटाया गया पर एजेंसी ने नाला बनाए बिना ही गड्ढे में राबिश भरकर छोड़ दिया।
नतीजतन समस्या का समाधान नहीं हो सका। हाल ही में निगम ने मानसून से पहले स्मार्ट सिटी को छूटे हुए लोकल नाले से स्मार्ट नाले को कनेक्ट करने को कहा। हालांकि, अबतक धरातल पर कोई पहल नहीं हुई है। अगर समय रहते जलनिकासी का इंतजाम नहीं किया गया तो बारिश में लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी। जवाहरलाल रोड व मोतीझील से जुड़ा है तिलक मैदान रोड दरअसल शहर के सेंट्रल एरिया में स्थित तिलक मैदान रोड के आसपास सघन रिहायशी व व्यावसायिक इलाका है। यह रोड मोतीझील और जवाहरलाल रोड से भी जुड़ा है। दिन-रात वाहनों का आवागमन जारी रहता है। ऐसे में बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या होने पर लोगों को आवाजाही में परेशानी के अलावा विशेषकर व्यवसायी वर्ग को आर्थिक नुकसान भी होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।