मौसम : तपिश ने बढ़ाई जलन, उमस ने किया बेचैन
मुजफ्फरपुर में बुधवार को तापमान में तेजी आई, अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया। उमस और तेज धूप से लोग परेशान रहे। अगले 48 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले के तापमान में बुधवार को फिर तेजी आयी। इसके साथ अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किए गए। लगातार सामान्य से नीचे रहनेवाला अधिकतम तापमान लगभग एक पखवाड़े बाद सामान्य से तीन डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। वहीं, पुरवा हवा चलने और तीखी धूप से तेज जलन महसूस हुई। दिनभर लोग उमस से बेहाल दिखे। इसके कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। आज-कल में बारिश के आसार : पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि अगले 48 घंटे में जिले के अधिकांश स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
हालांकि, इससे तापमान पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसमें वृद्धि का दौर जारी रह सकता है। खासकर न्यूनतम तापमान बढ़कर 29 डिग्री तक जा सकता है। अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा। 3.6 डिग्री चढ़ा दिन का पारा : इधर, अधिकतम तापमान एक दिन में 3.6 डिग्री बढ़कर बुधवार को 37.2 डिग्री पर जा पहुंचा। वहीं न्यूनतम भी एक डिग्री की बढ़त के साथ 26 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, दिन में हवा में नमी की मात्रा में कमी आई। सुबह में 85 प्रतिशत तक रही नमी दोपहर मे घटकर महज 55 प्रतिशत पर आ गई, लेकिन वाष्पीकरण की दर सामान्य से दोगुनी 4.2 एमएम रहने से उमस ने बेहाल किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।