दुधमुंहा बच्चे के साथ जंक्शन पर दो संदिग्ध महिलाएं धरायीं
मुजफ्फरपुर में रेल थाना की पुलिस ने मिथिला एक्सप्रेस में यात्रियों से धक्का-मुक्की कर रहीं दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। महिलाओं के पास दुधमुंहा बच्चा था और वे ट्रेन पर चढ़ी नहीं थीं। दोनों महिलाएं...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। रेल थाना मुजफ्फरपुर की पुलिस ने सोमवार की दोपहर को मिथिला एक्सप्रेस की भीड़ में यात्रियों से धक्का-मुक्की कर रहीं दो महिलाओं को पकड़ा। इनके पास दुधमुंहा बच्चा भी था। पुलिस ने उन्हें संदेह के आधार पर पकड़ा है। क्योंकि दोनों रेल यात्रियों से धक्का-मुक्की तो कर रही थीं, लेकिन ट्रेन पर चढ़ी नहीं। उनकी हरकतों को देखकर पुलिस पदाधिकारी ने उन्हें दबोच कर गहनता से पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक छानबीन में पता चला कि कोशी क्षेत्र की रहने वाली दोनों महिलाएं चोरी के केस में जेल जा चुकी हैं। उनके पास से कुछ नकदी बरामद हुई है, जिसे वह खुद का बता रही हैं।
रेल पुलिस उनके गृह जिला के थानों से सत्यापन कराने में जुटी है। देर शाम तक महिलाओं का सत्यापन रिपोर्ट नहीं आयी थी। मुजफ्फरपुर रेल थाना के थानेदार रंजीत कुमार ने बताया कि पूछताछ और सत्यापन रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।