Environmental Awareness Campaign in Nawada Tree Plantation on World Environment Day पेड़-पौधे परिवार के हैं अंग, इसे हर हाल में करें संरक्षित, Nawada Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsNawada NewsEnvironmental Awareness Campaign in Nawada Tree Plantation on World Environment Day

पेड़-पौधे परिवार के हैं अंग, इसे हर हाल में करें संरक्षित

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नवादा में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल दिया और 5 करोड़ वृक्षारोपण की योजना के तहत नवादा में 13 लाख पौधे...

Newswrap हिन्दुस्तान, नवादाFri, 6 June 2025 12:08 PM
share Share
Follow Us on
पेड़-पौधे परिवार के हैं अंग, इसे हर हाल में करें संरक्षित

नवादा/गोविंदपुर, नसं/संसू विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के नेतृत्व में ककोलत जलप्रपात परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम समेत, उप विकास आयुक्त प्रियंका रानी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ कुमार कृष्ण द्वारा पौधारोपण किया गया। जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करना होगा एवं उन्हें पर्यावरण को बचाने के लिए प्रेरित करना होगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूरे राज्य में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत सरकार द्वारा 5 करोड़ वृक्षारोपण करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें नवादा में इस वर्ष लगभग 13 लाख पौधे लगाए जाएंगे।

एक पेड़ मां के नाम योजना के तहत वृक्षारोपण कर सामाजिक संदेश भी दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने वृक्षों को परिवार का एक अंग मानते हुए वृक्षारोपण करने एवं उनके संरक्षण की अपील की। उन्होंने बताया कि बिहार के कुछ जिलों में नवादा जिला एक ऐसा जिला है, जहां 24 प्रतिशत वन क्षेत्र है। गोविंदपुर, रजौली एवं कौआकोल प्रखंडों में इतनी हरियाली है कि वहां एक सुखद अनुभूति होती है। जिलाधिकारी ने ककोलत में आए सभी पर्यटकों से अपील किया कि वे सैंपू या किसी भी प्रकार के प्लास्टिक का उपयोग न करें। इस जलप्रपात को साफ-सुथरा रखें, ताकि पर्यावरण स्वच्छ बना रहे। उन्होंने बल देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और यह हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। हमें पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचना चाहिए और संरक्षण हेतु सदैव प्रयासरत रहना चाहिए। चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन इस अवसर पर वन प्रमंडल नवादा के द्वारा विभिन्न विद्यालयों एवं संगठनों के छात्र/छात्राओं के बीच पर्यावरण एवं भूमि संरक्षण विषय पर चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अंजली कुमारी (कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सिरदला), द्वितीय पुरस्कार प्रिया राज (गुलमोहर यूनिक स्कूल), तथा तृतीय पुरस्कार सौरभ कुमार (ज्ञान निकेतन पब्लिक विद्यालय) को पदक देकर सम्मानित किया गया। ककोलत जलप्रपात परिसर में स्वच्छता अभियान के तहत पर्यटकों के बीच पर्यावरण संरक्षण हेतु हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। उप विकास आयुक्त प्रियंका रानी ने उपस्थित छात्र/छात्राओं एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक पौधारोपण करें। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने एवं भूमि संरक्षण से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्लास्टिक पानी को करता है प्रदूषित वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ कुमार कृष्ण ने बताया कि पर्यावरण हमारे चारों ओर की वे सभी चीजें हैं जो जीवन के लिए आवश्यक हैं, जैसे पेड़-पौधे, जीव-जंतु, मिट्टी, हवा, पानी आदि। इन सभी का संरक्षण हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग से उत्पन्न होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्लास्टिक पानी को प्रदूषित करता है और संक्रमण फैलाता है, जिससे अनेक बीमारियाँ उत्पन्न होती हैं। उन्होंने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं पर्यटकों से अपील किया कि वे प्लास्टिक का उपयोग न करें और भूमि संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहें। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना केवल वन विभाग या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने घर के आसपास एवं बगीचों में पौधे लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने में योगदान दें। इस अवसर पर गोपनीय शाखा प्रभारी राजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी गोविंदपुर सहित वन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।