दो से चार डिग्री बढ़ेगा तापमान, दो दिनों तक चलेगा हीट वेव, अलर्ट जारी
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। अगले दो दिनों तक दो से चार डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान बढ़ जाने के कारण हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। अगले दो दिनों तक दो से चार डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान बढ़ जाने के कारण हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के मुताबिक इस दरम्यान नवादा जिले का अधिकतम तापमान 41.8 से 44.3 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। ताप सूचकांक का समतापीय विश्लेषण कर जानकारी दी गयी है कि किसी भी हाल में इस दरम्यान 39.1 से लेकर 39.9 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहेगा ही रहेगा और यह कष्टकारी बना रहेगा। हालांकि दो दिनों के बाद तापमान में गिरावट दर्ज किए जाने का मौसम पूर्वानुमान है। इस क्रम में जानकारी दी गयी है कि रविवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम सापेक्षिक आर्द्रता 36 प्रतिशत रही।
11 जून से फिर होगी बारिश, बदलेगा मौसम दो दिनों के हीट वेव वाले अलर्ट के बीच राहत भरी सूचना यह है कि इसके बाद 11 जून से एक बार फिर से मौसम में बदलाव होगा और आगामी 14 जून तक जिले के एक या दो स्थानों पर छिटपुट से लेकर हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है। कृषि मौसम वैज्ञानिक रौशन कुमार ने विभिन्न संख्यात्मक मॉडल और उपग्रहीय तस्वीर के आकलन के बाद बताया कि दो दिनों के शुष्क मौसम के बाद यह बदलाव राहत भरा साबित होगा। शुष्क दिवस पर अगले दो दिनों तक औसत अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस जबकि इसके बाद के चार दिनों तक अधिकतम तापमान 36 से 38 और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर कर आ जाएगा। ---------------------- जिले का मौसम रविवार को रहा शुष्क, मानसून की गति सामान्य नवादा। रविवार को जिले का मौसम शुष्क रहा जबकि अब तक मानसून की गति भी सामान्य है। कृषि मौसम वैज्ञानिक रौशन कुमार ने बताया कि रविवार को हवा का बहाव जिले में 26 किमी प्रति घंटा तक बना रहा। पछुआ हवा चलने के कारण रविवार का दिन भी अपेक्षाकृत काफी गर्म रहा। इस बीच, मानसून की प्रतीक्षा में रहे नवादा जिले के किसानों के लिए राहत की खबर यह है कि मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, ऑदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, सैंडहेड द्वीप, बालुरघाट से होकर गुजर रही है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब दक्षिण-पूर्व हिमाचल प्रदेश एवं उसके आसपास क्षेत्रों के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर है। एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर स्थित है। मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ, जिसका अक्ष समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, मोटे तौर पर अक्षांश 25 उत्तर के उत्तर में देशांतर 54°पूर्व के साथ चल रहा है। इस प्रकार, अभी तक मानसून की गति सामान्य बनी हुई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।