मतदाता सूची से संबंधित कार्य को गंभीरता से निभाएं : विनोद सिंह गुंजियाल
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को मतदाता सूची अद्यतन करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने बूथों का भौतिक सत्यापन...

बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) को मतदाता सूची को अद्यतन करने के कार्य को गंभीरता पूर्वक निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी ईआरओ को अपने क्षेत्रों में बूथों का भौतिक सत्यापन करने तथा आश्वस्त न्यूनतम सुविधा (एएफएफ) अभी से ही पूरा करने का निर्देश दिया। वे शुक्रवार को अधिवेशन भवन में आयोजित ईआरओ के लिए राज्यस्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी जिलों से 136 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गुंजियाल ने मतदाता सूची को अद्यतन किए जाने के लिए जन्म-मृत्यु पंजीकरण आंकड़ों से मदद लेने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में लिंगानुपात को ठीक करने के लिए बूथवार आंकड़ा निकालकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने अहर्ता प्राप्त सभी युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का निर्देश दिया। वहीं, अपर सचिव माधव सिंह, राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर (एनएलएमटी) उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी, रत्नाम्बर निलय व मनोज कुमार सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी निवेदिता सिन्हा, अवर निर्वाचन पदाधिकारी शिखा सिन्हा तथा मनीष कुमार द्वारा प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों को मतदाता सूची से संबंधित संवैधानिक व कानूनी प्रावधान तथा ईआरओ नेट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के बाद प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे ईआरओ का मूल्यांकन भी किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।