जदयू ने निर्धारित किया हर बूथ पर एनडीए की जीत का लक्ष्य
जदयू ने हर बूथ पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। 21 जून से पंचायत स्तरीय संगठनात्मक बैठकों की तैयारी की जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को 2025 में 225 सीटों...

जदयू ने हर बूथ पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बुधवार को इस संबंध में 21 जून से सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रारंभ होने जा रही पंचायत स्तरीय संगठनात्मक बैठकों की तैयारी को लेकर पार्टी के प्रदेश दफ्तर में पार्टी पदाधिकारियों की वर्चुअल माध्यम से बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पार्टी पदाधिकारियों को कहा कि प्रत्येक बूथ पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चुनाव में अब अधिक समय शेष नहीं है, ऐसे में 2025 में 225 और फिर से नीतीश के संकल्प को साकार करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ मैदान में उतरना होगा।
हर मतदाता तक सीधा संपर्क बनाना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले दो दशकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में लोककल्याण और समग्र विकास की दिशा में जो ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, उन्हें घर-घर पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाना है। विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप नेता ललन कुमार सर्राफ ने कहा कि मुख्यमंत्री की 20 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों का जन-जन तक व्यापक प्रचार-प्रसार और राजद के 15 वर्षों के शासन में व्याप्त जंगलराज की सच्चाई पहुंचानी है। मौके पर मुख्य सचेतक संजय गांधी, प्रो. नवीन आर्य चन्द्रवंशी, अनिल कुमार, परमहंस कुमार एवं मनीष मंडल उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।