बिहार में कांग्रेस अपने परंपरागत वोटरों को फिर से जोड़ेगी:राजेश
राजेश कुमार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सदाकत आश्रम में प्रवेश किया। उन्होंने कांग्रेस के परंपरागत मतदाताओं को फिर से जोड़ने की प्राथमिकता बताई। राजद के साथ सीट बंटवारे पर शीर्ष...

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद राजेश कुमार शनिवार को पहली बार पार्टी प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे। सदाकत आश्रम की सीढ़ियों पर माथा टेक कर प्रवेश किया। उन्होंने 42वें प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। आश्रम में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस के परंपरागत मतदाताओं को फिर पार्टी के साथ जोड़ना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। इसको लेकर विशेष पहल की जाएगी। कांग्रेस के पास 36-40 प्रतिशत दलित, अल्पसंख्यक और सवर्ण मतदाताओं का बड़ा समाजिक आधार था। अब पिछड़े और अतिपिछड़ों को भी कांग्रेस में जोड़ने की पहल की जा रही है। राजेश कुमार ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी को वह चुनौती के रूप में ले रहे हैं। पार्टी के सभी नेताओं के सहयोग से इसे पूरा करेंगे। बिहार की जनता विकल्प की तलाश में है। कांग्रेस राज्य में विकल्प के रूप में उभरेगी, जिसमें सभी को भरोसा होगा। जातिगत जनगणना को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक सर्वे कराया है पर उसको लागू करने के प्रति वफादार और ईमानदार नहीं है।
आगामी विधानसभा चुनाव में राजद के साथ सीटों के बंटवारे के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि हम कितनी सीटों पर लड़ेंगे। राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मिलने और महागठबंधन पर चर्चा करने को लेकर उन्होंने कहा कि समय आने पर वह उनसे मिलेंगे। इसके पहले उन्होंने सदाकत आश्रम में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मौके पर पूर्व मंत्री वीणा शाही, मोती लाल शर्मा, जमाल अहमद भल्लू, विधायक प्रतिमा कुमारी दास, राजेश कुमार सिन्हा, राजेश राठौड़, ब्रजेश प्रसाद मुनन, अजय चौधरी, प्रमोद कुमार सिंह, आनंद माधव, डॉ स्नेहाशीष वर्द्धन पांडेय, मुन्ना शाही, नागेंद्र कुमार विकल, शरवत जहां फातमा, शशि रंजन, सत्येन्द्र कुमार सिंह, मंजीत आनंद साहू, सुनील कुमार सिंह, मनोज मेहता आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।