सड़क पर बह रहा नाले का पानी मोहल्ले में नहीं होती नियमित सफाई
समस्तीपुर के पंजाबी कॉलोनी में जलजमाव और सफाई की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। विधायक और जनप्रतिनिधियों के आवास के बावजूद, मोहल्ले की गलियों में बरसात के समय गंदा पानी भर जाता है। नगर निगम की लापरवाही से...
समस्तीपुर। शहर के पंजाबी कॉलोनी में कई समस्याएं है। सघन बस्ती होने के साथ यह शहर का सबसे निचला हिस्सा है। जलजमाव यहां की गंभीर समस्या है। मोहल्ले की शायद ही ऐसी गली हो जहां सामान्य दिनों में पानी नहीं लगता हो। मोहल्ले में विधायक से लेकर कई जनप्रतिनिधियों के आवास भी हैं। पांच हजार की आबादी वाले इस मोहल्ले के लोगों का कहना है कि यहां न बेहतर सड़क बनी है ना ही नालों से जलनिकासी होती है। नाले का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। नगर निगम इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। सफाई की व्यवस्था भी दयनीय बनी हुई है।
10 से 12 कर्मियों के मुकाबले दो से तीन कर्मी ही सफाई कर रहे हैं। इस कारण कई इलाकों में गंदगी पसरी रहती है। शहर में सबसे लो लैंड एरिया का इलाका पंजाबी कॉलोनी है। यहां बरसात आते ही जलजमाव तबाही मचाने लगता है। गली नंबर 1 धरमपुर के लोगों के लिए शुरू से जलजमाव बड़ी समस्या बनी हुई है। उनके लिए यह समस्या सरदर्द बन बनी हुई है। बरसात आई नहीं कि नाले का दूषित पानी मोहल्ले के गलियों और सड़कों पर फैलने लगता है। लोगों का घरों से निकलना काफी मुश्किल हो जाता है। हर साल की तरह इस बार भी यही स्थिति दिख रही है। पिछले कई सालों से यह दर्द झेलते-झेलते लोग अब ऊब गए हैं। पहले नगर परिषद, अब नगर निगम भी उनकी यह जटिल समस्या अब तक दूर नहीं कर पाया है। हां, हर बरसात में जल जमाव होने पर विकल्प के तौर पर पम्पिंग सेट लगा कर पानी निकासी का इंतजार जरूर कर देता है। और इसकी आड़ में हर साल लाखों का बोगस बिल बना कर भुगतान जरूर हो जाता है। पीड़ित लोग अब नगर परिषद व नगर निगम के खेल को समझ गए हैं। वे लोग अब सड़क पर उतरने की योजना बना रहे हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम बनने के बाद भी उन लोगों को कोई लाभ नहीं मिला। हर पांच साल पर वार्ड पार्षद बदलते रहे फिर भी अभी तक यह दर्द दूर नहीं हुआ है। हर बरसात के सीजन में यह कॉलोनी बरसात आते ही डूब जाता है। सड़क व नाला का फर्क नहीं रहता है। मल मूत्र व कचरे गंदे पानी में तैरते रहते हैं। चारों ओर नारकीय हालत रहती है। कई घरों में दूषित पानी पहुंच जाता है। इस कॉलोनी के सभी गलियों में यही नजारा बरसात में दिखता है। गली नंबर 1 की हालत सबसे खराब रहती है। कॉलोनी के सामने मंदिर के सामने से निकलने वाली मुख्य सड़क पर बरसात में भारी जल जमाव हो जाता है। बरसात का सीजन आने का नाम सुनते ही कॉलोनी के लोग चिंतित हो उठते हैं। पीड़ित लोगों ने बताया कि इस कॉलोनी में एक भी सड़क और नाला सही से नहीं बना हुआ है। किसी नाले की लेवलिंग ठीक नहीं है। गुणवत्तापूर्ण सड़क व नाला निर्माण नहीं है। कोई सड़क व नाला ऊंचा है तो कोई नीचा। ऐसे में लाख कोशिश के बाद भी कॉलोनी से पानी बाहर निकल ही पाता। सालोंभर जल जमाव की यही मुख्य वजह है। जिस पर आज तक न नगर परिषद से ध्यान दिया गया न नगर निगम से। खास बात यह भी कि विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन का भी घर कॉलोनी के निकट ही है। इसके अलावा कई बड़े व प्रभावशाली लोगों के घर भी कॉलोनी के आसपास ही हैं। सभी बरसात में जलजमाव के इस दर्द को परोक्ष व अपरोक्ष रूप से झेलते रहे हैं। सभी पंजाबी कॉलोनी के सामने वाली मुख्य सड़क से ही गुजरते हैं। कॉलोनी से नालियों का पानी बाहर नहीं निकलने की वजह से गली नंबर 1 के सड़कों पर नाला का पानी सालों भर बहता रहता है। पूर्व वार्ड पार्षद सह नगर परिषद सशक्त स्थायी समिति सदस्य नंदनी कुमारी व विजय कुमार भोली बताते हैं कि यह घनी आबादी की यह कॉलोनी है। पहले नगर परिषद में यह वार्ड 9 में था। नगर निगम बनने के बाद अब वार्ड 26 हो गया है। वार्ड एक भी अब शामिल है। पहले से एरिया का फैलाब काफी बढ़ गया है। गली नंबर 1 से शुरू होकर बैतल चौक, पासवान चौक, गंडक बांध व उर्दू सरकारी स्कूल वार्ड 26 का फैलाव है। वार्ड की आबादी अभी पांच हजार से अधिक है। फिर भी नगर निगम इस वार्ड की उक्त गंभीर स्थिति पर गंभीरता से ध्यान नहीं देता है।
बोले-जिम्मेदार
सफाई एजेंसियों को बरसात से पहले शहर के तमाम नाले की पूरी सफाई करने का निर्देश दिया जा चुका है। अधिकारियों को भी इसकी देखरेख करने का निर्देश भी दिया गया है। इस कार्य की प्रगति की समय समय पर हम समीक्षा भी करेंगे। कोताही पर कार्रवाई होगी। जल्द समस्या का निदान होगा।
-केडी प्रोज्जवल, नगर निगम, समस्तीपुर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।