सुसाइड की कोशिश; सिपाही ने एके-47 से सिर में मार ली गोली, पुलिस कैंपस में हड़कंप
पुलिस ने बताया कि जवान अमलेश को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए बनारस भिजवाया गया है। इस घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है, जांच की जा रही है। हथियार व मोबाइल को बरामद कर उसकी भी जांच शुरू कराई गई है। आखिर किन हालातों में एके-47 से गोली चली, या फिर खुद चलाई गई।

भभुआ जिले में क्विक रिस्पॉस टीम के एक जवान ने सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे जिला पुलिस केंद्र परिसर में एके- 47 से अपने सिर में गोली मार आत्महत्या करने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल 26 वर्षीय अमलेश कुमार जमुई जिले का रहनेवाला है। उसे तत्काल सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिसकर्मी उसे लेकर एंबुलेंस से बीएचयू के ट्रामा सेंटर के लिए रवाना हो गए। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी।
इस संबंध में पूछने पर पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि जवान अमलेश को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए बनारस भिजवाया गया है। इस घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है, जांच की जा रही है। हथियार व मोबाइल को बरामद कर उसकी भी जांच शुरू कराई गई है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस केंद्र के एक कमरे में अपने जवान साथी के साथ अमलेश रहता था। घटना की जानकारी तब हुई, जब उसका साथी जवान ड्यूटी कर लौटा और दरवाजा खुलवाने पर अंदर से कोई गतिविधि महसूस नहीं हुई।
जवान ने अधिकारी और आसपास के जवानों को सूचना देकर दरवाजे को तोड़ा, तो देखा कि अमलेश खून से लथपथ पड़ा हुआ है। इसकी सूचना पर एसपी तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे। लेकिन, घायल जवान कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं था।