रोड पर सूख रहे मक्के पर फिसलने से दो बाइकों की टक्कर, 2 युवकों की मौत, अररिया में सड़क हादसा
बताया गया कि चैनपुर स्थित पश्चिम जामा मस्जिद के पास सड़क किनारे सूख रहे मक्का से दोनों बाइक फिसलकर टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि दोनों बाइक के परखच्चे तक उड़ गए। अकबर और राजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभी रूप से घायल हो गये।

अररिया जिले के जोकीहाट प्रखंड के डूमरा कुंड-बेरगाछी मार्ग में चैनपुर पश्चिम जामा मस्जिद के पास दो बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि इस हादसे में तीन अन्य घायल हो गये। बताया गया कि मक्का सुखाने से सिंगल रोड होने और बाइक के फिसलने से यह हादसा हुआ। मृतकों में 25 वर्षीय अकबर चिरह निवासी मुश्ताक का बेटा व 26 वर्षीय मो राजू डूमरिया वार्ड आठ निवासी सिद्दीक का बेटा था। युवक अकबर अपने घर चिरह से तीन लोगों से साथ बाइक से चिलहनिया अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे।
वहीं दूसरे युवक मो. राजू महलगांव से अपने घर डूमरिया लौट रहा था। उसके पीछे भी एक व्यक्ति बैठा था। बताया गया कि इस दौरान चैनपुर स्थित पश्चिम जामा मस्जिद के पास सड़क किनारे सूख रहे मक्का में दोनो बाइक फिसलकर टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक के परखच्चे तक उड़ गए। अकबर और राजू की तो घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि तीन अन्य गंभी रूप से घायल हो गये। इधर घटना के बाद आसपास के ग्रामीण पहुंचे। फिर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना पर पहुंची महलगांव पुलिस दोनों शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टर्माटम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया। महलगांव थानेदार राजेश कुमार ने बताया कि दो बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है। जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद इधर चिरह व डूमरिया मेंमृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।