जनवरी में EPFO से जुड़े 17.89 लाख सदस्य, इनमें से 8.23 लाख पहली बार बने
- EPFO News: जनवरी में 4.70 लाख युवा पहली बार नौकरी में आए, जिनकी संख्या में 57.07 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 18-25 आयु वर्ग के बीच शुद्ध पेरोल को जोड़ा जाए तो यह संख्या 7.27 लाख है, जो दिसंबर 2024 की तुलना में 6.19 फीसदी और जनवरी 2024 की तुलना में 8.15 फीसदी अधिक है।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO से जनवरी में शुद्ध रूप से 17.89 लाख सदस्य जुड़े हैं। गुरुवार को ईपीएफओ की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक सालाना आधार पर जनवरी में कुल सदस्यों की संख्या में 11.48 फीसदी वृद्धि हुई है। जुड़ने वाले कुल सदस्यों में से 8.23 लाख पहली बार ईपीएफओ के सदस्य बने हैं। इनकी संख्या में भी जनवरी 2024 के मुकाबले बीते महीने 1.87 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
18-25 वर्ष के कर्मचारियों की संख्या में भी भारी वृद्धि
आंकड़ों से पता चला है कि 18-25 वर्ष की आयु वर्ग के कर्मचारियों की संख्या में भी भारी वृद्धि हुई है, यानी पहली बार नौकरी पाने वाले सदस्यों की संख्या काफी अधिक रही है। जनवरी में 4.70 लाख युवा पहली बार नौकरी में आए, जिनकी संख्या में 57.07 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 18-25 आयु वर्ग के बीच शुद्ध पेरोल को जोड़ा जाए तो यह संख्या 7.27 लाख है, जो दिसंबर 2024 की तुलना में 6.19 फीसदी और जनवरी 2024 की तुलना में 8.15 फीसदी अधिक है।
नेट पेरोल क्या है
नेट पेरोल में उन कर्मचारियों को भी शामिल किया जाता है, जिन्होंने एक बार नौकरी शुरू की और बाद में नौकरी छोड़कर कुछ समय के बाद या बदलकर नई नौकरी शुरू की गई। एक्सपोर्ट सर्विस, रोड मोटर्स व ट्रांसपोर्ट, बीड़ी निर्माण, निर्माण और फल-सब्जी प्रसंस्करण से जुड़े उद्योगों में सबसे ज्यादा लोगों को रोजगार दिया है।
2.17 लाख महिलाएं भी बनी सदस्य
जनवरी में 2.17 लाख महिलाओं ने भी नौकरी शुरू की है, जो ईपीएफओ से जुड़ी हैं। जुड़ने वाले कुल सदस्यों की संख्या को राज्यवार देखा जाए तो पांच राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों की हिस्सेदारी 59.98 फीसदी हैं। महाराष्ट्र ने सबसे अधिक 22.77 सदस्य ईपीएफओ से जुड़े हैं। इसके बाद कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना का नंबर आता है।