NEET UG 2025: नीट यूजी परीक्षा 2025 स्कोर में गिरावट, नहीं मिले 700 से ज्यादा अंक
NEET UG 2025 Result: ऐसा माना जा रहा है की इस साल की परीक्षा काफी कठिन परीक्षा रही। पिछले साल की तुलना में इस साल किसी भी उम्मीदवार के 720 अंक नहीं आ सके।

NEET UG 2025 Result, नीट यूजी परीक्षा 2025 स्कोर में गिरावट: शनिवार, 14 जून 2025 को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा नीट यूजी 2025 का परिणाम घोषित किया गया। परीक्षा में शामिल स्टूडेंट्स आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोर देख सकते हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल किसी भी उम्मीदवार के 720 अंक नहीं आए। इस साल कुल 73 अभ्यर्थियों ने 720 में से 651 से 686 अंक अपने नाम किए, जबकि 1,259 अभ्यर्थियों ने 601 से 650 के बीच अंक हासिल किए हैं। गौरतलब है कि इस साल कोई भी कैंडीडेट 700 अंकों का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
ऐसा माना जा रहा है की इस साल की परीक्षा काफी कठिन परीक्षा रही। साल 2025 में एक भी छात्र 720 में से 720 अंक लाकर परफेक्ट स्कोर नहीं बना सका। इस बार के रिजल्ट में सिर्फ 1332 कैंडिडेट्स ने 600 से ज्यादा मार्क्स प्राप्त किए हैं। साल 2024 की बात करें तो नीट यूजी परीक्षा में 350 से ज्यादा स्टूडेंट्स ने 700 से ज्यादा मार्क्स हासिल किए थे। 2024 में लगभग 17 विद्यार्थियों ने परफेक्ट 720/720 स्कोर किया था। टॉपर्स की संख्या ज्यादा होने के चक्कर में नीट यूजी 2024 का रिजल्ट सवालों के घेरे में आ गया था।
ये रहें 2025 के टॉपर्स: नीट यूजी 2025 परीक्षा के टॉपर राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के रहने वाले महेश कुमार केसवानी बनें, जिन्होंने 686 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक-वन हासिल की है। मध्य प्रदेश के उत्कर्ष अवधिया ने दूसरी रैंक अपने नाम की। महाराष्ट्र के कृषंग जोशी ने तीसरी रैंक हासिल की। वहीं, चौथे पायदान पर दिल्ली के मृणाल किशोर झा रहे।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल कुल 22.09 लाख स्टूडेंट्स में से 12.36 लाख से अधिक अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। हालांकि यह संख्या पिछले साल के 13.15 लाख उत्तीर्ण कैंडीडेट्स से कम है। साल 2024 में उम्मीदवारों की संख्या भी 23.33 लाख से ज्यादा थी। इस साल उत्तीर्ण कैंडीडेट्स में 7.2 लाख से अधिक छात्राएं हैं, जबकि 5.14 लाख से अधिक छात्र हैं।
नीट यूजी परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारियों के लिए ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in और लाइव हिन्दुस्तान को फॉलो करते रहें।