REET : राजस्थान रीट के 16500 पदों पर भर्ती रद्द करने का आधिकारिक नोटिस जारी, देखें अधिसूचना
REET : राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा ( रीट ) की लेवल-2 की परीक्षा रद्द होने के बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग, बीकानेर ने 16500 पदों पर भर्ती रद्द करने का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। रीट 2021...

REET : राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा ( रीट ) की लेवल-2 की परीक्षा रद्द होने के बाद प्रारंभिक शिक्षा विभाग, बीकानेर ने 16500 पदों पर भर्ती रद्द करने का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। रीट 2021 ( लेवल-1 व लेवल-2) के तहत कुल 32000 शिक्षकों की भर्ती होनी थी। लेकिन लेवल-2 परीक्षा रद्द होने के बाद अब रीट 2021 से सिर्फ लेवल-1 के 15500 पदों पर भर्ती होगी। रद्द की गई रीट लेवल-2 की 16500 पदों पर भर्ती में 13865 पद नॉन टीएसपी क्षेत्र के थे, जबकि 2635 पद टीएसपी क्षेत्र के थे। सामान्य शिक्षा व विशेष शिक्षा के विज्ञापित पदों का विवरण आप ऊपर दी गई फोटो में देख सकते हैं।
अधिसूचना में कहा गया है, 'राज्य सरकार के रीट 2021 लेवल द्वीतीय को निरस्त किए जाने का निर्णय लिए जाने के कारण प्रारंभिक शिक्षा विभाग द्वारा राजस्थान प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती 2021 के तहत अध्यापक, लेवल द्वितीय के विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती के लिए दिनांक 31 दिसंबर 2021 को जारी निम्न विज्ञप्तियों को तत्काल प्रभाव से प्रत्याहारित करते हुए निरस्त किया जाता है'-
इस साल रीट लेवल-1 परीक्षा में पास होने वाले अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर नियुक्ति दी जाएगी, इन्हें कोई दूसरी परीक्षा नहीं देनी होगी। लेवल-2 की जो परीक्षा निरस्त हुई है, वह अगस्त तक होने की संभावना है।
रीट 2022 परीक्षा में 20,000 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। अब यहां हम 15,500, 16,500 और 20,000 पदों को जमा करें तो कुछ संख्या 52,000 होती है। सरकार ने डैमेज कंट्रोल के लिए 52,000 में 10,000 जोड़कर भर्ती कुल संख्या 62,000 कर दी गई है। यानी रीट 2021 और रीट 2022 को मिलाकर अब 62 हजार पदों पर शिक्षकों की भर्ती होगी। रीट लेवल 2 की पहली परीक्षा एलिजिबिलिटी के आधार पर होगी। वहीं दूसरी परीक्षा शिक्षक भर्ती की होगी।