IPL 2025 बना 'सिक्सर किंग', 1260 हवाई फायर का पलटा इतिहास; श्रेयस ब्रिगेड का जवाब नहीं
Most Sixes in a Single IPL Season: आईपीएल 2025 में छक्कों का नया रिकॉर्ड बना है। 1260 हवाई फायर का इतिहास पलट गया।

आईपीएल 2025 का मंगलवार (तीन जून) को समापन होने जा रहा है। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। सीजन खत्म होने से पहले छक्कों का नया रिकॉर्ड बना है। आईपीएल 2025 'सिक्सर किंग' बन गया। दरअसल, 2025 में एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स लगने का कमाल हुआ है। 18वें सीजन में अब तक 1271 छक्के जड़े जा चुके हैं। इसी के साथ 1260 हवाई फायर का इतिहास पलट गया। आईपीएल 2014 में 1260 सिक्स लगे थे। लिस्ट में तीसरे नंबर पर आईपीएल 2023 है। तब 1124 सिक्स मारे गए।
बता दें कि एक आईपीएल सीजन में हजार प्लस सिक्स जड़ने का कारनामा कुल चार बार हुआ है। इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत 2008 में हुई। पहले सीजन में कुल 622 छक्के ठोके गए थे। एक सीजन में हजार सिक्स का आंकड़ा पहली बार आईपीएल 2022 में छुआ गया था। 15वें सीजन में खिलाड़ियों ने 1062 हवाई फायर किए थे। आईपीएल 2025 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब टीम का जवाब नहीं। श्रेयस ब्रिगेड ने सीजन में सबसे ज्यादा 159 छक्के जमाए हैं। उसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) है, जिसने 152 छक्के मारे। एलएसजी लीग चरण से ही बाहर हो गई थी।
वहीं, आईपीएल 2025 में सर्वाधिक छक्के मारने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में फिलहाल एलएसजी के निकोलस पूरन शीर्ष पर हैं। पूरन ने 14 मैचों में 40 हवाई फायर किए। फेहरिस्त में दूसरे स्थान पर श्रेयस हैं। उन्होंने 16 मैचों में 39 छक्के उड़ाए हैं। अय्यर ने मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ क्वालीफायर-2 में बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अहमदाबाद के मैदान पर 41 गेंदों में नाबाद 87 रन बना, जिसमें पांच चौके और 8 सिक्स शामिल हैं। श्रेयस की पारी के दम पर पंजाब ने 204 रनों का टारगेट 6 गेंद बाकी रहते चेज किया। पीबीकेएस कैप्टान को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।