IPL 2025: CSK और इस टीम के लिए प्लेऑफ्स की रेस लगभग खत्म, टॉप 6 टीमों में है जबरदस्त मुकाबला
IPL 2025 Points Table को देखें तो चेन्नई सुपर किंग्स के लिए लगभग प्लेऑफ्स की रेस खत्म हो गई है, क्योंकि इस सीजन 14 अंकों वाली टीम के प्लेऑफ्स में पहुंचने के चांस बहुत कम हैं। सीएसके और आरआर 14 अंक ही हासिल कर सकती हैं।

IPL 2025 Points Table में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का बुरा हाल है। मौजूदा सीजन की पॉइंट्स टेबल को देखें तो चेन्नई सुपर किंग्स के लिए लगभग प्लेऑफ्स की रेस खत्म हो गई है। चेन्नई की टीम इस सीजन ज्यादा से ज्यादा 14 अंक हासिल कर सकती है। हालांकि, 14 अंकों से भी क्वॉलिफिकेशन तय नहीं होगी। टीम को अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा, लेकिन इस सीजन 14 अंकों वाली टीम के प्लेऑफ्स में पहुंचने के चांस बहुत कम हैं, क्योंकि कई टीमें 10 या इससे ज्यादा अंक हासिल कर चुकी हैं, जबकि सीएसके और राजस्थान रॉयल्स अभी 4-4 अंक ही हासिल कर पाई हैं।
आईपीएल के 18वें सीजन की पॉइंट्स टेबल में इस समय तीन टीमों के खाते में 12-12 अंक हैं, जिनमें गुजरात टाइटन्स, दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का नाम शामिल है। गुजरात शीर्ष पर है, क्योंकि नेट रन रेट जीटी का डीसी और आरसीबी से बेहतर है। वहीं, लिस्ट में चौथे, पांचवें और छठे नंबर पर विराजमान मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खाते में 10-10 अंक हैं। इन तीन टीमों में मुंबई का नेट रन रेट बेहतर है। इसलिए एमआई इस समय चौथे पायदान पर है।
यही वो 6 टीमें हैं, जिनके प्लेऑफ्स में पहुंचने के चांस ज्यादा हैं। वहीं, सातवें नंबर पर इस समय कोलकाता नाइट राइडर्स है, जिसने 8 में से 3 ही मैच जीते हैं। खाते में 6 अंक हैं और 6 मुकाबले अभी बाकी हैं। टीम 18 अंकों तक पहुंच सकती है, लेकिन हर मैच जीतना मुश्किल है। आठवें नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद पहुंच गई है, जिसने 9 में से तीन मैच जीते हैं और टीम के अभी 5 मुकाबले बाकी हैं। एसआरएच 16 अंकों तक पहुंच सकती है। वहीं, नौवें नंबर पर विराजमान राजस्थान रॉयल्स 9 में से सात मैच हार चुकी है। यही हाल चेन्नई सुपर किंग्स का है। यही दो टीमें हैं, जो ज्यादा से ज्यादा 14 अंकों तक पहुंच सकती हैं। इनमें से एक टीम का बाहर होना तय है, क्योंकि दोनों के बीच एक मुकाबला भी होना है।
IPL 2025 Points Table
नंबर | टीम | मैच खेले | मैच जीते | मैच हारे | अंक | नेट रन रेट |
---|---|---|---|---|---|---|
1. | गुजरात टाइटंस | 8 | 6 | 2 | 12 | +1.104 |
2. | दिल्ली कैपिटल्स | 8 | 6 | 2 | 12 | +0.657 |
3. | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 9 | 6 | 3 | 12 | +0.482 |
4. | मुंबई इंडियंस | 9 | 5 | 4 | 10 | +0.673 |
5. | पंजाब किंग्स | 8 | 5 | 3 | 10 | +0.177 |
6. | लखनऊ सुपर जायंट्स | 9 | 5 | 4 | 10 | -0.054 |
7. | कोलकाता नाइट राइडर्स | 8 | 3 | 5 | 6 | +0.212 |
8. | सनराइजर्स हैदराबाद | 9 | 3 | 6 | 6 | -1.103 |
9. | राजस्थान रॉयल्स | 9 | 2 | 7 | 4 | -0.625 |
10. | चेन्नई सुपर किंग्स | 9 | 2 | 7 | 4 | -1.302 |