विनोद खन्ना और माधुरी दीक्षित का विवादित किसिंग सीन, फिल्म रिलीज हुई तो दंग रह गई थीं धकधक गर्ल
विनोद खन्ना और माधुरी दीक्षित की फिल्म 'दयावान' जहां रिलीज के वक्त काफी चर्चा में रही थी, वहीं फिल्म में कपल के एक किसिंग सीन को लेकर काफी विवाद हुआ था।

बॉलीवुड एक्टर विनोद खन्ना और माधुरी दीक्षित फिल्म 'दयावान' के वक्त निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा में रहे। साल 1988 में आई इस फिल्म में दोनों ने साथ में काम किया था और दोनों के रिलेशनशिप में होने की चर्चा तब उड़ी जब उनके लिपलॉक से जुड़ा एक किस्सा सामने आया। कहा जाता है कि निर्देशक के कट बोलने के बावजूद विनोद खन्ना ने किसिंग सीन जारी रखा था और इस सीन में विनोद खन्ना के आपा खो देने की वजह से ही माधुरी दीक्षित के होठ से खून बहने लगा था।
जब करियर के पीक पर थे विनोद खन्ना
इस फिल्म की शूटिंग के वक्त विनोद खन्ना 41 साल के थे और तब माधुरी दीक्षित महज 20 साल की थीं। जहां विनोद खन्ना अपने करियर के पीक पर थे वहीं माधुरी दीक्षित नई थीं और अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही थीं। ऑडियंस जहां फिल्म की रिलीज से पहले इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित थी, वहीं कुछ खबरों के मुताबिक विनोद खन्ना के साथ इस सीन ने माधुरी दीक्षित को असहज कर दिया था। फिल्म के निर्देशक फिरोज खान थे, और उन्होंने 'कट' बोला फिर भी विनोद खन्ना शॉट जारी रखे हुए थे।
निर्देशक से की थी सीन हटाने की रिक्वेस्ट
कहा जाता है कि माधुरी दीक्षित इस सीन के बाद रोने लगी थीं और विनोद खन्ना को उनसे माफी मांगनी पड़ी थी। इसके अलावा फिल्म के निर्देशक फिरोज खान को फिल्म से यह किसिंग सीन हटाने के लिए नोटिस भी मिला था। माधुरी दीक्षित ने भी फिल्म में यह सीन नहीं शामिल करने की निर्देशक से विनती की थी, हालांकि 1 करोड़ रुपये हर्जाना भरने के बावजूद निर्देशक ने फिल्म से यह सीन नहीं हटाने का फैसला किया।
स्क्रीन पर सीन देखकर दंग रह गईं माधुरी
माधुरी दीक्षित ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें नहीं पता था कि फिल्म में कोई इंटीमेट सीन है। एक्ट्रेस ने बताया कि जब उन्होंने इस मूवी को पर्दे पर देखा तो वह दंग रह गई थीं और आज भी उन्हें इसके लिए हैरानी होती है। जहां माधुरी दीक्षित वक्त के साथ बॉलीवुड की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में गिनी गईं वहीं विनोद खन्ना ने अपने एक्टिंग करियर को उस वक्त अलविदा कह दिया जब वो अपने करियर के पीक पर थे। विनोद खन्ना ने ओशो को जॉइन किया और ध्यान सीखने लगे। साल 2017 में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।