मां की देखभाल के लिए बेटे घर छोड़कर गईं, नहीं पता था ये आखिरी उड़ान है.. ये कहानी दिल दहला देगी
अहमदाबाद प्लेन क्रैश हादसे की कई दिल दहला देने वाली कहानियां सामने आ रही हैं। इसी में से एक कहानी है अब्धिबेन पटेल की, जो अपने बेटे को पहली बार अकेला छोड़कर मां की देखभाल करने गईं थी।

अहमदाबाद में हुए दिल दहला देने वाले एयर इंडिया विमान हादसे ने 270 लोगों की जिंदगियां छीन लीं, जिनमें 241 यात्री और चालक दल के सदस्य शामिल थे। इनमें से एक थीं 40 साल की अब्धिबेन पटेल, जिन्होंने अपनी बीमार मां की देखभाल के लिए ब्रिटेन में अपने 8 साल के बेटे को छोड़कर भारत की उड़ान भरी थी। उन्होंने पहली बार ही अपने बेटे को अकेला छोड़ा था। उन्हें क्या पता था कि वो कभी वापस नहीं आएंगी।
बेटे से जुदाई का डर
अब्धिबेन की करीबी दोस्त और नॉर्थम्प्टन के जोन ब्यूटी स्टूडियो में सहकर्मी अतिफ करीम (45) ने बताया, 'वह जाना नहीं चाहती थीं।' अब्धिबेन ने अपने बेटे को पहली बार अकेले छोड़ने की बात पर बार-बार अपनी चिंता जाहिर की थी। अतिफ ने कहा, 'वह बहुत घबराई हुई थीं। यह उनके लिए ड्यूटी थी, मां की बीमारी के कारण। लेकिन यह फैसला आसान नहीं था।'
भारत-पाक तनाव ने बढ़ाई थी चिंता
हाल के भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण उड़ानें रद्द हो रही थीं, जिसने अब्धिबेन की बेचैनी को और बढ़ा दिया। अतिफ ने बताया, 'वह कह रही थीं कि यह सही समय नहीं है।' अब्धिबेन अपने बेटे मीर की देखभाल करती थीं क्योंकि उनके पति पंकज रात की पाली में काम करते थे। वह मीर के लिए पूरी तरह समर्पित थीं। उनका पूरा संसार उसी के इर्द-गिर्द घूमता था।'
आखिरी बातचीत
हादसे से एक दिन पहले, अब्धिबेन ने अपने काम को रिमोटली पूरा करने की पेशकश की थी। अतिफ ने बताया कि अब्धिबेन ने आखिरी बार बातचीत में कहा था कि मैं इस काम को निपटा दूंगी। आप टेंशन ना लें। अतिफ ने बताया कि वह शनिवार को काम पर लौटने वाली थीं।
सैलून में छाया मातम
2012 में गुजरात से ब्रिटेन गईं अब्धिबेन 2016 से सैलून में काम कर रही थीं और बाद में वहां मैनेजर बन गई थीं। उनकी मेहनत और विश्वसनीयता की सभी तारीफ करते थे। हादसे के बाद सैलून का माहौल बदल गया। अतिफ ने बताया, 'कल लोग रोते हुए आए। अब वहां संगीत नहीं बजता।' अब्धिबेन का बेटा और पति इस वक्त भारत में हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।