परिवार को सौंपा गया विजय रुपाणी का शव, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
15 जून को डीएनए मैचिंग के बाद आज उनके परिवारवालों को शव सौंप दिया गया है। इसके बाद राजकोट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ आज शाम उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

12 जून को अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले लोगों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी थे। रविवार यानी 15 जून को डीएनए मैचिंग के बाद आज उनके परिवारवालों को शव सौंप दिया गया है। इसके बाद राजकोट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ आज शाम उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि विजय रुपाणी एयर इंडिया के उसी विमान से अपनी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे,लेकिन अफसोस वह इस भयानक हादसे का शिकार हो गए।
तय कार्यक्रम के अनुसार,विजय रुपाणी के शव को सुबह 11:30 बजे उनके परिवारवालों को सौंपा गया था। इस दौरान उनकी पत्नी और परिवारजन काफी भावुक दिखे। विजय रुपाणी की पत्नी अंजलि रुपाणी अपने आंसू नहीं रोक पाईं और काफी देर तक रोती रहीं। इस दौरान गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल भी थे। उन्होंने उनका ढांढस बधाया। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री का शव दोपहर 2 बजे हवाई यात्रा से राजकोट लाया जाएगा। इसके बाद लोगों के अंतिम दर्शन के बाद शाम 5 बजे अंतिम यात्रा प्रारंभ होगी। उनके शव वाले वाहन को 2000 किलोग्राम फूलों से सजाया जाएगा।

इसके अलावा गुजरात सरकार ने विजय रूपाणी के निधन पर आज एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। रविवार को जारी आधिकारिक आदेश में यह बताया गया है कि शोक दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई सरकारी सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा। विजय रूपाणी का पार्थिव शरीर डीएनए परीक्षण के माध्यम से पहचान के बाद उनके परिवार को सौंप दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।