लक्ष्य तक पहुंचने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति और समय प्रबंधन जीवन में समावेश करना काफी महत्वपूर्ण: सिंकू
चाईबासा के आसनपाठ मध्य विद्यालय में एक सप्ताह तक चले समर कैंप का समापन हुआ। बच्चों ने योग, तीरंदाजी, और अन्य गतिविधियों में भाग लिया। मुख्य अतिथि विजय लक्ष्मी सिंकू ने दृढ़ इच्छा शक्ति और समय प्रबंधन...
चाईबासा। मझगांव प्रखण्ड अंतर्गत मध्य विद्यालय आसनपाठ में एक सप्ताह से चल रहे समर कैंप का रंगारंग समापन हुआ। इसमें बच्चों ने योगाभ्यास, कसरत,तीरंदाजी,मुक्केबाजी, गीत,नृत्य,जुंबा डांस,क्राफ्ट और शिक्षण सहायक सामग्री निर्माण ,अग्निवीर के तर्ज पर अभ्यास का नमूना का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में गतिविधियों का नेतृत्व विद्यालय बाल संसद के प्रधानमंत्री विभिषण पिंगुवा कर रहे थे। इस दौरान शिक्षक सह गायक मंगल सिंह मुण्डा ने आने वाला पल जाने वाला है गीत के माध्यम से बच्चों को समय के महत्व से अवगत कराया। शिक्षक राजेंद्र बिरुवा ने प्रेरक गीत ओल पड़ाव पे सबि बुगि तेगे गीत के माध्यम से बच्चों को नियमित स्कूल आने का संदेश दिया।
वहीं शिक्षक संजय कुमार जारिका ने उटन मे सरि अयुम एमे गीत के माध्यम से बाल मजदूरी छोड़ विद्यालय और शिक्षा से जुड़ने का संदेश दिया। मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उप-समाहर्ता सरायकेला-खरसावां विजय लक्ष्मी सिंकू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य तक पहुंचने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति और समय प्रबंधन जीवन में समावेश करना काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी की स्थिति में मेधावी छात्र अपने सहपाठियों को कठिन विषयों को समझने में सहयोगी की भूमिका अदा करें। विशिष्ट अतिथि उमवि नीमडीह सदर के प्रधान शिक्षक कृष्णा देवगम ने कहा कि जीवन की सर्वांगीण विकास के लिए हर बच्चा को विद्यालय में सिखायी जाने वाली हर शैक्षिक गतिविधियों में भाग लेना आवश्यक है। बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षकों से या अपने परिवेश से जानकारी हासिल करने की जरूरत है। यही जानकारी भविष्य में जीवन के हर परिस्थिति में निर्णय लेने में सहायक बनेगी। आसनपाठ पंचायत मुखिया लक्ष्मी पिंगुवा, विशिष्ट अतिथि पूर्व कार्यालय अधीक्षक समाहरणालय पश्चिमी सिंहभूम शकुंतला हेंब्रम बिरुवा, मवि आसनपाठ के विज्ञान शिक्षक विमल किशोर बोयपाई, रेलवे केंद्रीय विद्यालय आद्रा पश्चिम बंगाल की पूर्व विज्ञान शिक्षिका गीता सावैयां बिरुवा, आकाशवाणी चाईबासा के उद्घोषक जगन्नाथ हेस्सा, रेया उम्बुल महिला समूह की सदस्य सह पूर्व शिक्षिका शिव कुमारी आल्डा एवं इंडियन ऑयल के पूर्व कर्मचारी प्रधान पुरती ने भी अपना विचार व्यक्त किया। शिक्षक विमल किशोर बोयपाई के सदर प्रखंड के मतकमहातु पंचायत के निवासी होने के नाते पंचायत मुखिया जुलियाना देवगम की ओर से समर कैंप हेतु सहयोग राशि प्रदान किया गया। मौके पर रेया उम्बुल महिला समूह की ओर से भी कैंप की सफलता के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि के हाथों क्राफ्ट निर्माण एवं सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी व विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। समर कैंप समापन समारोह में मुख्य रूप से उपमुखिया बुधराम सिंकू, एसएमसी अध्यक्ष सुन्दर लाल सिंकू, जयपाल पिंगुवा, शांति सिंकू, मानकी सांडिल, सुशांति सिंकू, चोला सिंकू, सरिता बोबोंगा, मून श्वेता बिरुवा, संयुक्ता बिरुवा समेत काफी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विमल किशोर बोयपाई ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।