राउरकेला में गोईलकेरा के व्यक्ति की पत्थर से कूच कर हत्या
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा के 35 वर्षीय नील जोजो की राउरकेला के कलुंगा आईडीसी में हत्या कर दी गई। अज्ञात युवकों ने पत्थर से कुचलकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और मकान...

राउरकेला, संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा का नील जोजो (35) मजदूरी करने के लिए राउरकेला के कलुंगा आईडीसी इलाके में गया था, जहां चार-पांच अज्ञात युवकों ने पत्थर से कुचल कर उसकी हत्या कर दी। सोमवार सुबह सूचना मिलते ही ब्राह्मणी तरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक गोईलकेरा थाना क्षेत्र के नील जोजो की पत्नी कुछ साल पहले छोड़ कर चली गई थी। इसके बाद वह राउरकेला के आईडीसी में डॉ. एस मजूमदार के घर में भाड़ा लेकर रहने वाले अपने भाई और भाभी के घर चला गया था और वहीं मजदूरी का काम करता था।
रविवार की देर रात्रि जब उसके घर में भाई भाभी नहीं थे, उसी समय चार-पांच युवक आये और उसके साथ मारपीट करने के बाद उसे उठाकर साइडिंग एरिया में ले गए और पत्थर से कूच कर हत्या कर दी। सोमवार सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजेंगे। वहीं पुलिस ने मकान मालिक डॉ. एस मजूमदार को हिरासत में लिया है। पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि जब युवक नील जोजो की पिटाई कर रहे थे, उस वक्त डॉक्टर घर पर ही थे, लेकिन उसने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और आरोपी की तलाश कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।