24 घंटे के भीतर बिहार पहुंच जाएगा मॉनसून, किशनगंज से पटना तक बारिश भरे मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के भीतर मॉनसून के बिहार पहुंचने के आसार हैं। सीमांचल के रास्ते मॉनसून का बिहार में प्रवेश होने के बाद राज्य भर में बारिश संबंधी गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।
Bihar Monsoon Update: मॉनसून की राह देख रहे बिहार वासियों को अच्छी खबर मिलने वाली है। अगले 24 घंटे के भीतर किसी भी समय मॉनसून बिहार में प्रवेश कर जाएगा। पूर्णिया, किशनगंज के रास्ते इसकी राज्य में एंट्री होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में मॉनसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। सीमांचल में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। अगले पांच दिनों तक राज्यभर में बारिश संबंधित गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने पटना से लेकर किशनगंज और गया से लेकर मोतिहारी तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार और बुधवार के बीच मॉनसून के बिहार पहुंचने के संकेत हैं। अभी यह पश्चिम बंगाल में बिहार की सीमा के पास पहुंच चुका है। सीमांचल के रास्ते मॉनसून के प्रवेश होने के बाद राजधानी पटना तक इसका असर दिखेगा। राज्यभर में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। अगले 3-4 दिनों के भीतर तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
किशनगंज से पटना तक मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने इस सप्ताह पूरे बिहार में आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। उत्तर बिहार और कोसी-सीमांचल के क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, राजधानी पटना समेत दक्षिण एवं पश्चिम बिहार के जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अररिया, किशनगंज, सीतामढ़ी और सुपौल जिले में मंगलवार को भारी बारिश की चेतावनी है। मॉनसून आने के बाद बुधवार से सीमांचल में अति भारी बारिश का अलर्ट है। भागलपुर, गया, समेत आसपास के जिलों में भी अच्छी बारिश हो सकती है। पटना में भी 19 जून से तेज बारिश होने की संभावना है।
पिछले साल भी देरी से आया था मॉनसून
बिहार में मॉनसून पिछले साल भी 5 दिन लेट पहुंचा था। बिहार में मॉनसून के प्रवेश की तारीख 15 जून मानी जाती है। 2024 में 20 जून को इसने सीमांचल के रास्ते बिहार में प्रवेश किया था। इस साल भी 3-4 दिनों की देरी से इसके बिहार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस साल केरल में 8 दिन पहले ही प्रवेश कर गया था। हालांकि, जून महीने में इसकी रफ्तार धीमी हो गई। बीते 20 दिनों से यह सिक्किम और पश्चिम बंगाल के उत्तरी क्षेत्र में अटका हुआ था। इस कारण इसके बिहार समेत अन्य राज्यों तक पहुंचने में देरी हुई। मौसम विभाग के अनुसार अब मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है और अपने पूरे वेग में आगे बढ़ रहा है।