Bihar Weather: छाता लेकर ही घर से निकलें, बिहार के इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट; मानसून पर भी अपडेट
Bihar Weather: पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, भागलपुर, बांका एवं किशनगंज के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटे तक तेज हवा चलने की संभावना है।
Bihar Weather: मौसम विभाग ने मंगलवार को सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच, सोमवार को भागलपुर में 52 मिमी, वाल्मीकिनगर में 39 मिमी बारिश हुई।
पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, भागलपुर, बांका एवं किशनगंज के कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटे तक तेज हवा चलने की संभावना है।
पटना में आज बदलेगा मौसम: पटना में भी मंगलवार से मौसम में बदलाव आएगा। आंशिक बादल छाएंगे। उमस रहेगी, लेकिन बुधवार को बेहतर मात्रा में बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।
बिहार में कब आएगा मानसून
बिहार में मानसून के आने को लेकर भी अपडेट है। राज्य में गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। सूबे में मानसून के प्रसार की परिस्थिति में तेजी से बदलाव आया है। मौसम विभाग के निदेशक आशीष कुमार ने कहा कि मंगलवार से बुधवार तक राज्य के कुछ जिलों में मानसून दस्तक देगा। पूर्णिया, किशनगंज के रास्ते मानसून का प्रसार होगा। पटना में भी असर दिखेगा। चार दिनों में तीन डिग्री तक अधिकतम पारा गिरेगा।
पिछले 19 -20 दिनों से मानसून का करंट बिहार की सीमा पर बंगाल में ठिठका पड़ा था। अनुकूल परिस्थितियां न मिलने से इसका प्रसार आगे की ओर नहीं हो रहा था। सूबे में मानसून के प्रवेश का समय 13 जून है। 18 जून तक पटना, गया, सारण समेत राज्य के कई जिलों में प्रसार हो जाता है। यानी इसके आगमन में देरी हो चुकी है। हालांकि अब परिस्थितियां अनुकूल हुई हैं।