Lord Jagannath s Grand Bath Ceremony and Upcoming Rath Yatra Festival 108 घड़े से महास्नान के बाद भगवान जगन्नाथ पड़े बीमार, Dhanbad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsLord Jagannath s Grand Bath Ceremony and Upcoming Rath Yatra Festival

108 घड़े से महास्नान के बाद भगवान जगन्नाथ पड़े बीमार

धनबाद में भगवान जगन्नाथ को जेठ पूर्णिमा पर 108 घड़ों से स्नान कराया गया। स्नान के बाद भगवान बीमार पड़ गए और एकांतवास में चले गए। 27 जून को नेत्र उत्सव और रथ यात्रा महोत्सव मनाया जाएगा। इस्कॉन मंदिर...

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबादThu, 12 June 2025 06:48 AM
share Share
Follow Us on
108 घड़े से महास्नान के बाद भगवान जगन्नाथ पड़े बीमार

धनबाद, मुख्य संवाददाता। भगवान जगन्नाथ को जेठ पूर्णिमा के दिन बुधवार को 108 घड़े से स्नान कराया गया। महास्नान के बाद भगवान जगन्नाथ बीमार पड़ गए। बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ बुधवार को भगवान जगन्नाथ एकांतवास में चले गए। ठीक 15 दिन के बाद 27 जून को नेत्र उत्सव मनाया जाएगा। साथ ही रथ यात्रा महोत्सव की शुरुआत हो जाएगी। शहर के धनसार जगन्नाथ मंदिर, रेलवे इंस्टीट्यूट माझेरपाड़ा जगन्नाथ देव मंदिर और कुसुम विहार के इस्कॉन मंदिर में स्नान यात्रा के दौरान पूर्णिमा उत्सव मनाया गया। धनसार जगन्नाथ मंदिर और माझेरपाड़ा में बुधवार को पूरे विधि-विधान से भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को गर्भगृह से बाहर निकाला गया।

जगन्नाथ पुरी की तर्ज पर सभी वैधानिक अनुष्ठान पूरे करने के बाद भगवान को 108 घड़ों के शीतल जल से स्नान कराया गया। मान्यता है कि अधिक स्नान के कारण भगवान बीमार पड़ गए। इसलिए संध्या आरती के बाद गर्भ गृह से अलग उन्हें एकांतवास में रखा गया है। लगातार 15 दिनों तक भगवान की औषधि सेवा होगी। पट बंद रहने के कारण भगवान के दर्शन नहीं होंगे। 15 दिन बाद भगवान एकांतवास से बाहर आएंगे, उसी दिन नेत्र उत्सव मनाया जाएगा। 27 जून को रथ यात्रा उत्सव पर भगवान भक्तों को दर्शन देंगे। इधर, भगवान के एकांतवास में जाने के बाद शहर में रथ यात्रा की शुरुआत हो गई। माझेरपाड़ा मंदिर में केएस बनर्जी, टुबाई बनर्जी, बादल सरकार, टनी बनर्जी, अशोक विश्वास, बापी विश्वास, अमिताभ दास, अमिताभ बनर्जी, प्रदीप बनर्जी, प्रणव राय, अनिल पर्वत और अभिषेक घोष आदि उपस्थित थे। इस्कॉन मंदिर में भगवान को 56 भोग लगे: कुसुम विहार स्थित इस्कॉन में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का भव्य महास्नान कराया गया। प्रबंधक सुंदर गोविंद दास ने भक्तों को भगवान जगन्नाथ की मार्मिक लीला सुनाई। मौके पर भगवान का भव्य अभिषेक हुआ। उन्हें 56 भोग लगाए गए। कीर्तन के साथ भव्य महाआरती हुई। इसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। प्रबंधन के बताया कि 27 जून को भूईफोड़ मंदिर से भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।