कुरुमगढ़ थाना के पास ऑटो पलटने से युवक की मौत, 12 लोग घायल
गुमला के चैनपुर प्रखंड में एक सड़क हादसे में 24 वर्षीय शिव मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब सभी लोग कुरुमगढ़ थाना जा रहे थे और ऑटो अनियंत्रित...

गुमला, प्रतिनिधि। जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के समीप बुधवार अपराह्न सड़कहादसे में 24 वर्षीय शिव मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ऑटो में सवार होकर कुरुमगढ़ थाना जा रहे थे। थाना के पास एक ढलान पर ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे सभी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों में टेंपो चालक सोमनाथ मुंडा सहित भिखराम असुर, बिरसू असुर, चयू असुर, झलकी असुर,भादो असुर, सुंदरी असुर, अगनू असुर, युवरानी असुर, बंधन असुर और बीजमू असुर शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टरों ने शिव मुंडा को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला युवरानी असुर के प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। युवरानी असुर की मां का पूर्व में निधन हो चुका है और पिता रोजगार के लिए पलायन कर चुके हैं। प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने के बाद युवरानी असुर के चाचा कार्तिक मुंडा ने संबंधित युवक के खिलाफ कुरुमगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। थाना से बुलावा आने पर सभी लोग एक साथ टेंपो में सवार होकर वहां पहुंच रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।