सफल वार्ता के बाद गोड्डा और महागामा में सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त, मानदेय में वृद्धि
गोड्डा और महागामा नगर परिषद के करीब 250 सफाई कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर दी है। हड़ताल 15 मई से शुरू हुई थी जिसमें कर्मचारियों ने मानदेय बढ़ाने की मांग की थी। सकारात्मक वार्ता के बाद...

गोड्डा। नगर परिषद गोड्डा और नगर पंचायत महागामा के करीब 250 सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गई। नप के पदाधिकारियों ने हड़ताली कर्मियों को मिठाई खिलाकर हड़ताल समाप्त कारवाई। 15 मई से छह सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मी लोकल बॉडी एम्प्लॉयीज फेडरेशन के बैनर तले हड़ताल पर थे। इसमें झाड़ूदारीन , सफाईकर्मी, ड्राइवर, बिजली मिस्त्री और चापाकल मिस्त्री सहित सभी कर्मी शामिल थे। हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी और जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हो गए थे। इन छह सूत्री मांगों में से नगर परिषद पहले ही पांच मांगों को मान चुकी थी, लेकिन मानदेय बढ़ोतरी को लेकर गतिरोध बना हुआ था।
शनिवार को नगर परिषद गोड्डा के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार के नेतृत्व में फेडरेशन अध्यक्ष सोमेश्वर मेहतर और कर्मियों के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक वार्ता हुई। वार्ता में सभी मांगों पर सहमति बन गई और कर्मियों ने गोड्डा व महागामा में हड़ताल समाप्ति की घोषणा की। फेडरेशन अध्यक्ष सोमेश्वर मेहतर ने बताया कि 9 दिनों की हड़ताल से नगरवासियों को असुविधा हुई, जिसके लिए खेद है। उन्होंने बताया की सकारात्मक वार्ता के साथ सभी मांगों पर सहमति बन गई है । अब सभी कर्मी पूर्व की तरह कार्य पर लौट आएंगे और छुट्टियों में भी काम करके नगर को स्वच्छ बनाएंगे। मानदेय में वृद्धि को लेकर बनी सहमति के तहत महागामा में सफाई कर्मियों का मानदेय 310 से बढ़ाकर 360 रुपये और गोड्डा में 370 से बढ़ाकर 400 रुपये किया गया है। इसके अतिरिक्त ईपीएफ, पेंशन आदि अन्य मांगों पर भी सहमति बनी है। साथ ही हड़ताल की अवधि का वेतन भी कर्मियों को दिया जाएगा। मंत्री दीपिका पांडे सिंह की रही निगरानी:झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री एवं महागामा विधायक दीपिका पांडे सिंह ने हड़ताल के पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। वे लगातार अधिकारियों के संपर्क में रहीं और सफाई कर्मियों की मांगों को गंभीरता से लिया गया। हड़ताल समाप्त होने के बाद कर्मियों ने मंत्री का आभार प्रकट किया। “छह सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मी हड़ताल पर थे। जिनमें पांच मांगों को पहले ही मान लिया गया था। मानदेय बढ़ोतरी के मामले में गतिरोध चल रहा था। सभी अधिकारियों और फेडरेशन के अध्यक्ष के साथ काफी देर तक वार्ता के बाद आपसी सहमति बनी और मानदेय निर्धारित कर दिया गया। महागामा में 310 से बढ़कर 360 कर दिया गया और गोड्डा में 370 से बढ़कर 400 मानदेय कर दिया गया है और अन्य बढ़ोतरी पर भी विचार किया जा रहा है। साथ ही जितने दिन कर्मी हड़ताल पर थे, उसका वेतन दिया जाएगा। आशीष कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, गोड्डा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।