भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी रथ को मंत्री ने किया रवाना
गिरिडीह में विज्ञान प्रदर्शनी रथ को झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा रवाना किया गया। यह रथ 30 जून तक विद्यालयों में बच्चों को विज्ञान की जानकारी देगा। पहले दिन विज्ञान प्रदर्शनी, दूसरे दिन साइंस...

गिरिडीह, प्रतिनिधि। गिरिडीह समाहरणालय से शुक्रवार को भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी रथ को झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार, डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ 30 जून तक जिले के चयनित विद्यालयों में पहुंचेगा। जहां विद्यालय में तीन दिनों तक बच्चों को विज्ञान से जुड़ी जानकारी देगी। प्रथम दिन विद्यालय पहुंच कर रथ के माध्यम से विज्ञान प्रदर्शनी दिखाई जाएगी और बस में उपस्थित मास्टर ट्रेनरों द्वारा बच्चों को विज्ञान की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। वहीं दूसरे दिन साइंस डिमॉन्स्ट्रेशन लेक्चर एवं अंतिम दिन विद्यालय कक्ष में फिल्म शो व टेलीस्कोप शो विद्यालय के दिशा निर्देश के आधार पर आयोजित किया जाएगा।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा की यह पहल विज्ञान की समझ को बच्चों में विकसित करने हेतु प्रयोग एवं प्रदर्शनी पर आधारित है। बच्चे केवल पढ़ कर नहीं बल्कि देख कर और करके सीखें। इसी उद्देश्य और सोच के साथ शिक्षा के क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी रथ का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ना है, जो विज्ञान केंद्रों तक नहीं पहुंच पाते हैं। यह प्रयास न केवल विज्ञान को गांव-गांव तक पहुंचाएगा, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच व नवाचार की भावना को सशक्त बनाएगा। बताया कि यह पहल राज्य में विज्ञान शिक्षा को समृद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य चयनित विद्यालयों में पहुंच कर बच्चों को रोचक तरीके से विज्ञान की जानकारी देना एवं विज्ञान से संबंधित घटनाओं में उनकी समझ को बढ़ाना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।