झारखंड में जानलेवा बनी बारिश, 22 घंटे बाद मिट्टी से निकाले गए 2 छात्रों के शव; मकान ढहने से बच्ची मरी
झारखंड में बारिश जानलेवा साबित हो रहा है। भारी बारिश के कारण एक कुआं ढह जाने से मिट्टी के नीचे 22 घंटे तक दबे रहने के बाद दो स्कूली छात्रों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, एक मकान ढहने से 10 साल की बच्ची की मौत हो गई।

झारखंड में बारिश जानलेवा साबित हो रहा है। भारी बारिश के कारण एक कुआं ढह जाने से मिट्टी के नीचे 22 घंटे तक दबे रहने के बाद दो स्कूली छात्रों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, एक मकान ढहने से 10 साल की बच्ची की मौत हो गई।
झारखंड के खूंटी जिले में भारी बारिश के कारण एक कुआं ढह जाने 2 छात्र मिट्टी के नीचे दब गए थे। 22 घंटे बाद उनके शव को बाहर निकाला जा सका। एक दूसरी घटना में पुलिस ने बताया कि रांची जिले में मिट्टी का एक मकान ढह जाने के कारण 10 साल की लड़की की भी मौत हो गई।
झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। अलग-अलग जिलों में एक पुल और एक खाली आवासीय इमारत भी ढह गई। कई नदियां उफान पर हैं। मुरहू थाना क्षेत्र के तहत मुरहू पंचायत में नौ और 10 साल के दो स्कूली छात्र एक निर्माणाधीन कुएं के पास थे तभी बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह ढह गया।
खूंटी की उपायुक्त आर रॉनिटा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एनडीआरएफ के एक दल को बचाव अभियान में तैनात किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान बुधवार रात से ही जारी था और दोनों लड़कों के शव बृहस्पतिवार दोपहर को करीब साढ़े 12 बजे बरामद कर लिए गए।
उधर, रांची में तमाड़ पुलिस थाना क्षेत्र के तहत मुरपा गांव में भारी बारिश के कारण मिट्टी से बना एक मकान ढहने से 10 साल की एक लड़की की भी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त लड़की घर पर अकेली थी।
भारी बारिश के कारण खूंटी के तोरपा में बनाई नदी पर पुल का एक हिस्सा भी ढह गया है, जिससे खूंटी-सिमडेगा सड़क मार्ग बाधित हो गया है। उपायुक्त ने बताया कि वहां मार्ग परिवर्तित किया गया है और एनडीआरएफ का दल भी भेजा गया है।
रांची, सरायकेला-खरसावां और पूर्व सिंहभूम समेत कई जिलों में भारी बारिश से सामान्य जनजीवन बाधित हो गया है। भारी बारिश के मद्देनजर बृहस्पतिवार को रांची और खूंटी समेत कई जिलों में स्कूल बंद हैं। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रांची में पिछले दो दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है और बृहस्पतिवार सुबह से तेज बारिश हो रही है।
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में टाटा स्टील की सहायक कंपनी टायो रोल्स की एक खाली रिहायशी इमारत बृहस्पतिवार सुबह ढह गई। टाटा स्टील ने एक बयान में बताया कि इमारत को पहले ही खाली कर दिया गया था। वहां पर अवरोधक लगाए गए थे और उसे रहने के लिए असुरक्षित घोषित किया जा चुका था।
जमशेदपुर में पिछले दो दिन से मूसलाधार बारिश के कारण खरकई और स्वर्णरेखा के उफान पर होने के मद्देनजर अलर्ट जारी किया गया है। एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को बताया गया कि दोनों नदियों का जल स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। पूर्वी सिंहभूम जिले के प्रशासन ने दोनों नदियों के डूब वाले इलाकों में रह रहे लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तरपूर्व झारखंड पर निम्न दाब का क्षेत्र बनने के कारण रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।