डीएवी स्कूल में विश्व महासागर दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में विश्व महासागर दिवस के अवसर पर ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने महासागर संरक्षण और स्थिर जलवायु के महत्व को प्रस्तुतियों के माध्यम से...

कोडरमा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में रविवार को विश्व महासागर दिवस के अवसर पर ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से महासागर संरक्षण और स्थिर जलवायु की आवश्यकता को रेखांकित किया। कार्यक्रम में छात्रा इशिका ने कहा कि स्वस्थ महासागर एवं संतुलित जलवायु पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। वहीं छात्रा शांभवी सिंह ने इस विषय पर सुंदर कविता प्रस्तुत की। दिव्या राणा, अनुष्का गुप्ता, अनाराध्या कश्यप, अदृती मंडल, आयुषी कुमारी और आरुषी प्रिया ने आकर्षक पोस्टर एवं प्रेरणादायक स्लोगन के माध्यम से अपनी जागरुकता प्रदर्शित की। विद्यालय के प्राचार्य कृष्णा सिंह ने छात्रों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ग्रीष्मावकाश के दौरान भी विद्यार्थियों ने अपनी जिम्मेदारी को निभाया, जो प्रशंसनीय है।
उन्होंने यह भी कहा कि महासागर न केवल जैव विविधता का संरक्षण करते हैं, बल्कि हमारी अर्थव्यवस्था, जलवायु संतुलन और खाद्य श्रृंखला में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षिकाएं संगीता जेठवा, ज्योति सिंह, लक्ष्मी गुप्ता और रोबिन देव प्रसाद वर्मा का मार्गदर्शन सराहनीय रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।