बाल श्रम उन्मूलन दिवस पर विधिक जागरुकता शिविर आयोजित
विश्व बाल श्रम उन्मूलन दिवस पर कोडरमा के परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। अधिवक्ताओं ने बताया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से मजदूरी कराना अपराध है।...

कोडरमा। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। विश्व बाल श्रम उन्मूलन दिवस के अवसर पर परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, कोडरमा में विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर को एलईडीसीएस के अधिवक्ता नवल किशोर एवं अरुण कुमार ओझा ने संबोधित किया। अपने संबोधन में अधिवक्ताओं ने कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है, जिसे मिलकर समाप्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाल श्रम की रोकथाम हमारी सामूहिक नैतिक जिम्मेदारी है। कानून में इसके लिए दंड व आर्थिक जुर्माने दोनों का प्रावधान है। अधिवक्ताओं ने पॉक्सो एक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी नाबालिग, चाहे वह लड़का हो या लड़की, के साथ यौन अपराध होता है, तो दोषी को 3 वर्ष से लेकर आजीवन कारावास या गंभीर मामलों में फांसी तक की सजा हो सकती है।
उन्होंने बाल विवाह, बाल तस्करी और शिक्षा के अधिकार से संबंधित कानूनों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। शिविर के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश सिन्हा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इससे दूर रहने की अपील की। इस अवसर पर पीएलबी शेखर श्रीवास्तव, नेहा सिंहा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।