villagers attack on police in ranchi firing heavy force deployed गांववालों ने अचानक पुलिस टीम पर कर दिया हमला, छावनी में तब्दील हुआ रांची का इलाका; गोलियां भी चलीं, Jharkhand Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़villagers attack on police in ranchi firing heavy force deployed

गांववालों ने अचानक पुलिस टीम पर कर दिया हमला, छावनी में तब्दील हुआ रांची का इलाका; गोलियां भी चलीं

झारखंड के रांची में एक ग्रामसभा चल रही थी। इस सभा में जमीन विवाद का हल निकालने का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले के दौरान गोलियां भी चलीं। कुछ लोगों को चोट आई है।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रांचीWed, 4 June 2025 08:39 AM
share Share
Follow Us on
गांववालों ने अचानक पुलिस टीम पर कर दिया हमला, छावनी में तब्दील हुआ रांची का इलाका; गोलियां भी चलीं

झारखंड के रांची में पुलिस और ग्रामीणों के बीच बवाल का मामला सामने आया है। यहां के लापुंग थाना क्षेत्र के कोयनारा गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर हो रही ग्रामसभा में ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें लापुंग थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव समेत तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। थानेदार को बचाने के क्रम में पुलिसकर्मियों ने फायरिंग भी की, जिसमें ग्रामीण जतरू मुंडा घायल हो गया। उसे रिम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं घायल पुलिसकर्मी लालू लोहरा, पुनई उरांव और एक चालक को रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने आशंका जताई है कि ग्रामीणों को कुछ बाहरी लोग भड़का रहे हैं। पुलिस ने घायल जतरू को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, जमीन से जुड़े एक विवाद को सुलझाने के लिए ग्रामीणों ने रातू महाराज के वंशज वैभवनाथ शाहदेव को बुलाया था, जिन्होंने आने से मना कर दिया। ग्रामीणों का मानना था कि पुलिस दबाव में शाहदेव ग्रामसभा में नहीं पहुंचे। वहीं, पुलिस का कहना है कि ग्रामसभा की सूचना पर थानेदार गांव पहुंचे थे, लेकिन साजिश के तहत भीड़ ने तलवार, टांगी और तीर से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। बाद में पुलिस को आत्मरक्षार्थ गोली चलानी पड़ी। इधर, हमले की सूचना के बाद जब ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर, बेड़ो डीएसपी अशोक राम मौके पर पहुंचे, तब भी पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों में धक्का-मुक्की हुई।

इस कारण पुलिस पर ग्रामीणों का हमला: बताया जा रहा है कि जमीन से जुड़े एक विवाद का निपटारा करने के लिए पड़हा समिति की ओर से कोयनारा में ग्रामसभा की गई। इसमें वैभव नाथ शाहदेव को बुलाया गया, लेकिन उन्होंने शामिल होने से इनकार कर दिया। इसी बीच ग्रामीणों को जानकारी मिली कि पुलिस के मना करने पर वैभव नाथ ग्रामसभा में नहीं पहुंचे तो उनमें रोष फैल गया। इस बीच ग्रामसभा की जानकारी मिलने पर लापुंग थानेदार जवानों के साथ मौके पर पहुंचे तो उनलोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।

डीआईजी व कई पुलिस अफसर पहुंचे अस्पताल

डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा समेत कई पुलिस पदाधिकारी जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे। घायल थाना प्रभारी संतोष यादव से डीआईजी ने बातचीत की। साथ ही चिकित्सकों से बेहतर इलाज का आग्रह भी किया।