झारखंड में कब होगी मॉनसून की एंट्री? तारीख को लेकर संशय में है मौसम विभाग
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान गर्मी बढ़ी है। रांची के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान दो डिग्री की वृद्धि हुई है,जबकि यहां का न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री दर्ज किया गया।

झारखंड में मानसून के आगमन को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। यह निर्धारित समय से तीन दिन बाद या पहले आ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक राज्य में 10 जून से हवा के रुख में बदलाव आएगा। खाड़ी में इसके प्रभाव से राजधानी समेत पूरे राज्य में 14 जून को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक राज्य में मानसून के अनुकूल कोई लक्षण नहीं है। दस मई के बाद हवा के रुख में जो बदलाव होगा, उस पर यह निर्भर करेगा कि मानसून कितना जल्दी या विलंब से आएगा। बंगाल की खाड़ी से फिलहाल ऐसे बदलाव के संकेत नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 12 के बाद आसमान में बादल घने हो सकते हैं। 14 को पूरे राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश भी होगी।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान गर्मी बढ़ी है। रांची के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान दो डिग्री की वृद्धि हुई है,जबकि यहां का न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं,राज्य में मेदिनीनगर का तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया,जो कि राज्यभर में सर्वाधिक है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सभी जिलों के तापमान में एक से तीन डिग्री तक का इजाफा हुआ है।
अभिषेक आनंद,वैज्ञानिक,मौसम विभाग,रांची ने कहा कि मानसून के बारे में अभी कुछ कहना निश्चित नहीं है। दस के बाद हवा के रुख में बदलाव आ रहा है। बारिश भी होगी। फिलहाल यह 15 जून से तीन दिन पहले या बाद में आ सकता है।