दिल्ली में कहर बरपा रही गर्मी, रेड अलर्ट के बीच आंधी-बारिश के आसार
दिल्ली में गर्मी कहर बरपा रही है। मौसम विभाग की ओर जारी रेड अलर्ट के बीच गुरुवार रात को हल्की बारिश और आंधी चलने की उम्मीद जताई गई है। इससे शुक्रवार को तापमान में थोड़ी गिरावट देखी जा सकती है।

दिल्ली में गर्मी कहर बरपा रही है। मौसम विभाग की ओर जारी रेड अलर्ट के बीच गुरुवार रात को हल्की बारिश और आंधी चलने की उम्मीद जताई गई है। इससे शुक्रवार को तापमान में थोड़ी गिरावट देखी जा सकती है।
आईएमडी के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली में भीषण गर्मी के कारण 'रेड अलर्ट' जारी रहा और शहर के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान मुंगेशपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उसके बाद रिज और आयानगर (44.2 डिग्री सेल्सियस) तथा सफदरजंग और पालम में 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख स्थानों पीतमपुरा (43.1 डिग्री सेल्सियस), मयूर विहार (41.2 डिग्री सेल्सियस), राजघाट (40.8 डिग्री सेल्सियस) और नजफगढ़ में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि सभी जगह के तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक थे। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
कहां कितना अधिकतम तापमान
मुंगेशपुर - 45.2 डिग्री सेल्सियस
रिज - 44.2 डिग्री सेल्सियस
आया नगर - 44.2 डिग्री सेल्सियस
सफदरजंग - 43.9 डिग्री सेल्सियस
पालम - 43.9 डिग्री सेल्सियस
पीतमपुरा - 43.1 डिग्री सेल्सियस
शुक्रवार को उमस करेगी परेशान
आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि गुरुवार को रात तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इसके साथ धूल भरी आंधी, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शुक्रवार को शहर में गर्मी और उमस की स्थिति रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शाम तक तेज हवाएं और हल्की बारिश होने की उम्मीद है।
14 जून से तापमान में धीरे-धीरे कमी के आसार
14 जून से तापमान में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है, जिसके 37 डिग्री सेल्सियस और 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने के कारण 16 जून से 18 जून के बीच स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है। आईएमडी ने संकेत दिया है कि 13 जून के बाद कोई हीटवेव की स्थिति की संभावना नहीं है।
आईएमडी के मानदंडों के अनुसार रेड अलर्ट की स्थिति में सावधानी बरतना होता है। लोगों को हाइड्रेटेड रहने, धूप से बचने और विशेष रूप से दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज करने की सलाह देता है।