महिला जहरीला पदार्थ खाकर थाने पहुंची
मोदीनगर की प्रीति शर्मा ने बिना तलाक दिए पति द्वारा दूसरी शादी के आरोप में जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया। प्रीति का आरोप है कि उसका पति खर्च नहीं...

मोदीनगर। पति पर बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने का आरोप लगाकर महिला ने शनिवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद वह मोदीनगर थाने पहुंच गई। हालत बिगड़ती देखकर पुलिस ने महिला को तुरंत मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही। बाग कॉलोनी निवासी प्रीति शर्मा की शादी तीन साल पहले इंद्रापुरी कॉलोनी में रहने वाले दीपक शर्मा से हुई थी। दोनों ने मंदिर में शादी की थी। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे घर में रहने नहीं दे रहे। इस कारण वह बाग कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रही है।
पति खर्चे के लिए पैसे भी नहीं देता। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे महिला थाने पहुंची। उसने अपना चेहरा ढक रखा था। जब महिला पुलिसकर्मियों ने उसके चेहरे से कपड़ा हटाया तो मुंह से झाग निकल रहा था। महिला ने बताया कि उसका पति दूसरी शादी करना चाहता है। इस कारण वह जहरीला पदार्थ खाकर आई। मामले की जानकारी होते ही अफरातफरी मच गई। महिला को मोदीनगर के जीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि पीड़िता ने मोदीनगर थाने में तहरीर दी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।