दिल्ली NCR में वीकेंड पर मौसम बदला, तेज तूफानी हवाओं संग बारिश, कुछ जगह गिरे ओले
दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड पर मौसम बदलने से भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को आज से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार तड़के से ही तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए दिल्ली और आसपास के इलाकों में तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड पर मौसम बदलने से भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को आज से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार तड़के से ही तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में कमी आई है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए दिल्ली और आसपास के इलाकों में तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा, "दिल्ली-एनसीआर में गरज और बिजली के साथ मध्यम से तीव्र बारिश, 80-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। घर के अंदर रहें और जब तक आवश्यक न हो यात्रा करने से बचें।"
आईएमडी के मुताबिक, सफदरजंग में ओलावृष्टि और गरज और बारिश के साथ दो बार तूफानी हवाएं चलने की भी सूचना मिली है। इस दौरान पहली बार हवा की रफ्तार 82 किमी प्रति घंटे दर्ज की गई, जबकि दूसरी बार यह बढ़कर 104 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई।
इस दौरान सफदरजंग में 33.5 मिलीमीटर, लोदी रोड में 32 मिलीमीटर, पूसा 27.5 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम के बदलाव के दौरान 50-104 किमी प्रति घंटे की हवाएं दर्ज की गईं। सफदरजंग में सबसे ज्यादा 104 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से; पालम में 56 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से; प्रगति मैदान 67 किमी प्रति घंटा; इग्नू 63 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।
मौसम विभाग की ओर से भयंकर तूफान और तेज हवा की चेतावनी जारी
दिल्ली एनसीआर तेज हवाओं का संभावित प्रभाव:-
- अचानक तेज हवाएं पेड़ों को उखाड़ सकती हैं, टेम्परेरी स्ट्रक्चर्स को नुकसान पहुंचा सकती हैं और बिजली लाइनों को बाधित कर सकती हैं।
- बिजली गिरने से जीवन को खतरा हो सकता है, खासकर खुले क्षेत्रों में।
- यातायात में व्यवधान
- उड़ानों और ट्रेन सेवाओं में देरी हो सकती है।
- पशुधन और बाहरी श्रमिकों के लिए जोखिम।
जनता के लिए आवश्यक कार्रवाई:-
- जब तक आवश्यक न हो घर के अंदर रहें और यात्रा करने से बचें।
- बिजली के झोंकों से होने वाले नुकसान से बचने के लिए बिजली के उपकरणों को अनप्लग करें।
- तूफान के दौरान पेड़ों या धातु की संरचनाओं के नीचे न रहें।
- बिजली गिरने के दौरान बाहर मोबाइल फोन का उपयोग करने से बचें।
- किसानों और मजदूरों को खेत का काम रोककर तुरंत आश्रय लेना चाहिए।
- आपातकालीन किट और टॉर्च तैयार रखें।
दिल्लीवाले तपिश और उमस से बेहाल हो रहे
बता दें कि, राजधानी में शनिवार को गर्मी, तपिश और उमस ने लोगों को बेहाल किया। गर्म हवा के थपेड़ों और ऊष्ण स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया था। हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में कमी और हल्की बारिश से राहत मिलने की संभावना है।
दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक था। आर्द्रता का अधिकतम स्तर 72 फीसदी और न्यूनतम स्तर 43 फीसदी दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान मुंगेशपुर में 43.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम राजघाट पर 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सफदरजंग, पालम, रिज, आया नगर में 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी।