नई दिल्ली से चलने वाली कई ट्रेनों के बदले स्टेशन; पूरी लिस्ट, अब कहां से मिलेंगी?
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेनों को दूसरे स्टेशन से चलाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण में रेलवे बोर्ड की ओर से छह ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों पर चलाया जा रहा है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेनों को दूसरे स्टेशन से चलाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुनर्विकास के काम के चलते ऐसा किया गया है। पहले चरण में रेलवे बोर्ड की ओर से छह ट्रेनों को आनंद विहार, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर चलाया जा रहा है। ये गाड़ियां इन स्टेशनों से चलेंगी और वहीं पर अपना सफर खत्म करेंगी। इनके आने एवं जाने का समय भी तय कर दिया गया है।
30 ट्रेनों को किया जा सकता है ट्रांसफर
जल्द ही स्थानांतरण की तारीख भी घोषित कर दी जाएगी। पुनर्विकास से पूर्व नई दिल्ली से लगभग 30 गाड़ियों को स्थानांतरित किया जा सकता है। बता दें कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पहाड़गंज की तरफ बन रहे मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के साथ शुरू हो चुका है। अगले वर्ष मार्च माह से पहाड़गंज दिशा में मौजूद बिल्डिंग को तोड़ने की योजना है।
इन स्टेशनों पर ट्रांसफर
इसके बाद चार चरणों में प्लेटफॉर्म भी तोड़कर नए सिरे से बनाए जाएंगे। इस पुनर्विकास कार्य को शुरू करने के लिए सबसे पहले यहां आने वाली भीड़ को कम करने की आवश्यकता है। इसके लिए यह तय किया गया है कि यहां से चलने वाली कुछ गाड़ियों को आनंद विहार, निजामुद्दीन, पुरानी दिल्ली, शकूर बस्ती, सफदरजंग आदि स्टेशनों पर स्थानांतरित किया जाएगा।
फैसले पर क्या दलील?
अधिकारियों का कहना है कि इससे नई दिल्ली स्टेशन पर भीड़ कम होगी और काम करना आसान रहेगा। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली डिवीजन की तरफ से आधा दर्जन रेलगाड़ियों के नाम रेलवे बोर्ड को दूसरे स्टेशनों पर स्थानांतरित करने के लिए भेजे गए थे।
लोगों को जानकारी देने के निर्देश
शुक्रवार को रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम ने इसे मंजूरी दे दी है। उनकी तरफ से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि इन गाड़ियों को दूसरे स्टेशनों पर स्थानांतरित करने के लिए तिथि तय की जाए। इसके बारे में अलग-अलग माध्ययों से लोगों को अवगत कराया जाए ताकि उन्हें गाड़ी के शुरू होने एवं यात्रा समाप्त होने वाले स्टेशन की जानकारी रहे।
इन ट्रेनों के बदले स्टेशन?
12801 पुरी-नई दिल्ली एक्सप्रेस सुबह 4 बजे आनंद विहार (3:50 बजे)
12802 नई दिल्ली-पुरी एक्सप्रेस रात 10:40 बजे आनंद विहार (रात 10:50 बजे)
12523 न्यू जलपाईगुड़ी-नई दिल्ली दोपहर 12 बजे आनंद विहार (11:55 बजे)
12524 नई दिल्ली-न्यू जलपाईगुड़ी दोपहर 3:10 बजे आनंद विहार (3:20 बजे)
14681 नई दिल्ली-जलंधर सिटी दोपहर 2:45 बजे दिल्ली जंक्शन (दोपहर 2:35 बजे)
14682 जलंधर सिटी-नई दिल्ली दोपहर 1:15 बजे दिल्ली जंक्शन (दोपहर 1:35 बजे)
14679 नई दिल्ली-अमृतसर दोपहर 1:50 बजे दिल्ली जंक्शन (दोपहर 1:45 बजे)
14680 अमृतसर-नई दिल्ली दोपहर 2:25 बजे दिल्ली जंक्शन (दोपहर 2:15 बजे)
22209 मुंबई-नई दिल्ली दोपहर 4:05 बजे निजामुद्दीन (दोपहर 3:50 बजे)
22210 नई दिल्ली-मुंबई रात 10:10 बजे निजामुद्दीन (रात 10:20 बजे)
12203 सहरसा-अमृतसर आगमन 1:55, प्रस्थान 2:05 बजे दिल्ली जंक्शन (आगमन 1:55, प्रस्थान 2:10 बजे)
12204 अमृतसर-सहरसा आगमन 10:50, प्रस्थान 11:05 बजे दिल्ली जंक्शन (आगमन 10:50, प्रस्थान 11:05 बजे)
अस्थायी दफ्तर बनाने की तैयारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बिल्डिंग में उनके महत्वपूर्ण दफ्तर हैं। इसे तोड़ने से पूर्व पहाड़गंज में पार्किंग की जगह एक अस्थायी दफ्तर बनाया जाएगा। इसके लिए जून माह के अंत तक कार्य भी शुरू हो जाएगा। बिल्डिंग को तोड़ने से पहले यहां मौजूद सभी दफ्तरों को इस अस्थायी दफ्तर में भेजा जाएगा। इसके बाद ही पुनर्विकास कार्य शुरू होगा। यह पुनर्विकास कार्य लगभग 45 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।