बेंगलुरु : होटल में कन्नड़ लोगों के खिलाफ टिप्पणी, केस दर्ज
बेंगलुरु के एक होटल में कन्नड़ लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी प्रदर्शित होने पर पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। होटल के डिस्प्ले बोर्ड को...

बेंगलुरु, एजेंसी। बेंगलुरु के एक होटल में कन्नड़ लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी प्रदर्शित होने का मामले सामने आया है। मादिवाला थाना पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि ‘जीएस सूट नामक होटल के वैरिएबल मैसेज डिस्प्ले बोर्ड पर कन्नड़ लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी दिखाई दे रही थी। शुक्रवार रात घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शनिवार को मामले का पता चलने पर पुलिस ने होटल पहुंचकर डिस्प्ले बोर्ड को हटा दिया। मादिवाला थाने पर होटल मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) सारा फातिमा ने बताया कि यह होटल मादिवाला थाने के अंतर्गत आता है।
सोशल मीडिया पर नजर रखने वाले सब-इंस्पेक्टर ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया। उन्होंने कहा, होटल में काम करने वाले पांच लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है। मालिक विदेश में बताया जा रहा है। इससे जुड़े सभी लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी। यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी कि संदेश कैसे उत्पन्न हुआ। फातिमा ने मीडिया से कहा, पुलिस को पता चला है कि होटल मैनेजर ने बोर्ड बनाने वाली कोरमंगला की एक कंपनी से बोर्ड पर विभिन्न प्रकार के संदेश दिखाई देने की शिकायत की थी। सिस्टम को हैक करने के दावों पर उन्होंने कहा, पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधियों को यह पता लगाने के लिए बुलाया है कि सिस्टम कैसे काम करता है। जाहिर है, बोर्ड के लिए कंपनी को तीन साल पहले एक अनुबंध दिया गया था और 8 मई से विभिन्न प्रकार के संदेश दिखाई दिए। पुलिस को शनिवार सुबह इसके बारे में पता चला। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।