खेल : शतरंज - गुकेश ने कार्लसन को हरा बराबर किया हिसाब
गुकेश ने कार्लसन को हरा बराबर किया हिसाब मैं ज्यादा कुछ नहीं कर

गुकेश ने कार्लसन को हरा बराबर किया हिसाब मैं ज्यादा कुछ नहीं कर सकता था। मैं साफ तौर पर हारने वाला था। किस्मत से वह फंस गए। 100 में से 99 बार मैं हार जाता, लेकिन यह मेरे लिए भाग्यशाली दिन था। -डी. गुकेश, विश्व शतरंज चैंपियन स्टावेंजर (नॉर्वे), एजेंसी। मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन भारत के डी गुकेश ने नॉर्वे टूर्नामेंट के छठे दौर में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को शिकस्त दे दी। इसके साथ उन्होंने उनसे पहली बाजी में मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। इस जीत का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि गुकेश ने कार्लसन को उन्हीं के देश में मात दी है।
पहली बार मिली जीत : भारतीय खिलाड़ी की नार्वे के दिग्गज खिलाड़ी के खिलाफ क्लासिकल शतरंज में यह पहली जीत है। रविवार की इस जीत से 19 वर्षीय गुकेश 8.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वह अब संयुक्त रूप से शीर्ष पर काबिज 34 साल के कार्लसन और अमेरिकी ग्रैंडमास्टर 32 साल के फैबियानो कारुआना से केवल एक अंक पीछे हैं। मैग्नस को हराने वाले दूसरे भारतीय : इस टूर्नामेंट में यह दूसरा मौका है जब किसी भारतीय खिलाड़ी ने क्लासिकल प्रारूप में विश्व चैंपियन कार्लसन को मात दी हो। इससे पहले आर. प्रज्ञाननंदा ने इसी टूर्नामेंट में कार्लसन को हराया था। मुकाबले में एक समय कार्लसन का पलड़ा भारी लग रहा था, लेकिन तभी उन्होंने भयानक गलती कर दी जिसका फायदा उठा गुकेश ने बाजी पलटकर 62वीं चाल में शानदार जीत हासिल की। करीब चार घंटे के मुकाबले में गुकेश को मिली इस जीत के साथ ही टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों का स्कोर बराबर 1-1 हो गया है। प्रतियोगिता में भाग ले रहे भारत के एक अन्य खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी चीन के वेई यी के खिलाफ आर्मागेडोन टाई-ब्रेक में जीत के बाद 7.5 अंकों के साथ हिकारू नाकामुरा के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं। छह खिलाड़ियों के इस टूर्नामेंट में लगभग सभी पास यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने का मौका है। महिला वर्ग में आर वैशाली ने आर्मागेडोन टाई-ब्रेक में कोनेरू हंपी को मात दी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।