आसार : अगले चार दिन झुलसाएगी भीषण गर्मी
दिल्ली में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। पिछले चार दिनों में तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है,...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी के लोगों को अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन चार दिनों में झुलसाने वाली धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी। आंकड़ों पर नजर डालें तो दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में बीते चार दिनों में ही अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। राजधानी में इस बार मई में लगातार पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और हवा के निम्न दबाव क्षेत्र जैसी मौसमी परिघटनाएं होती रही थीं। इसके चलते आमतौर पर मौसम में बहुत ज्यादा तपिश नहीं रही, लेकिन अब गर्मी में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में पांच तारीख को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानी सिर्फ चार दिनों के भीतर ही अधिकतम तापमान में पांच डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों के बीच मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। 47 डिग्री जैसी तपिश का अहसास दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, यहां पर नमी का स्तर 70 से 31 फीसदी तक रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का हीट इंडेक्स 47.2 डिग्री सेल्सियस तक रहा। यानी दिल्ली के लोगों को 47.2 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई। पता हो कि तापमान, नमी का स्तर और हवा की गति के अनुसार हीट इंडेक्स तैयार किया जाता है। इसके जरिये यह पता चलता है कि लोगों को महसूस होने वाली गर्मी का स्तर क्या रहा। 18 दिन बाद पारा चालीस के पार दिल्ली में रविवार को लगभग अट्ठारह दिनों बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा है। इससे पहले 21 मई को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस पर रहा था। 21 मई के बाद से लगातार आंधी-पानी का जोर बना रहा। जिसके चलते तापमान आमतौर पर नरम रहा था। चार दिन बाद राहत की आस मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार के बाद दिल्ली को झुलसाने वाली गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है। मौसम में होने वाले बदलाव के चलते शुक्रवार को तेज आंधी और हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान में गिरावट होगी और पारा फिर 40 डिग्री से नीचे आ सकता है। प्रदूषण के स्तर में भी इजाफा गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदूषण के स्तर में भी हल्का इजाफा हुआ है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 198 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। लेकिन, यह खराब श्रेणी से सिर्फ तीन अंक नीचे है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है। मई के बाद 42 के पार पहुंचा पारा मौसम विभाग के मुताबिक सोलह मई के बाद दिल्ली का पारा 42 डिग्री के पार पहुंचा है। 16 मई को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। जो कि सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था। इसके बाद अब दिल्ली का पारा 42 डिग्री के पार पहुंचा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।