राजा रघुवंशी हत्याकांड : घटनाक्रम से स्पष्ट हो रही है सोनम की संलिप्तता : गोविंद
-सोनम के भाई ने कहा, सच पता होता तो नहीं होने देता यह शादी -

इंदौर, एजेंसी राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम का भाई गोविंद अपने शुक्रवार को बहनोई राजा के पिंडदान में शामिल हुआ। इस दौरान उसने कहा कि घटनाक्रम से साफ हो रहा है कि सोनम इस हत्या में शामिल है। भाई ने इस दौरान सोनम के खिलाफ लड़ाई लड़ने का ऐलान भी किया। राजा का पिंडदान करने परिजन शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे। इस दौरान राजा की पत्नी व मुख्य आरोपी सोनम का भाई गोविंद भी उनके साथ था। शिप्रा नदी के तट पर सिद्धवट घाट पर राजा के भाईयों सचिन व विपिन ने पिंडदान किया। इस दौरान गोविंद ने दोहराया कि वह राजा के परिवार को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ हैं।
इसके लिए वह अपनी बहन खिलाफ लड़ेंगे। हत्याकांड में सोनम की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर गोविंद ने कहा कि सारा घटनाक्रम इस बात की पुष्टि करता है कि सोनम इस सबमें शामिल है। गोविंद ने कहा कि राज कुशवाहा, विशाल व अन्य आरोपियों की जो कड़ी जुड़ी है वो सोनम के जरिए ही जुड़़ी, इसी से साफ है कि सोनम की इस सब में भूमिका है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें सच्चाई पता होती, तो वह कभी भी इस शादी को नहीं होने देते। दोनों परिवार इस शादी को लेकर बेहद खुश थे और सोनम ने भी राजा के साथ शादी के लिए खरीदारी की थी। गोविंद ने राजा को याद करते हुए कहा कि उन्हें राजा बेहद पसंद था क्योंकि उनमें कई खूबियां थीं। अब इसलिए वह राजा को न्याय दिलाने के लिए अपनी बहन के खिलाफ जाकर लड़ाई लड़ेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।