लूट के विरोध पर भाइयों को चाकू से गोदा, एक की मौत
नई दिल्ली के निहाल विहार में नशेड़ियों ने लूटपाट का विरोध करने पर दो भाइयों पर चाकू से हमला किया। 21 वर्षीय शुभम की मौत हो गई और 19 वर्षीय नीरज गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी के निहाल विहार इलाके में नशेड़ियों ने लूटपाट का विरोध करने पर सरेआम दो सगे भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां बड़े भाई की मौत हो गई। वहीं, छोटे भाई का इलाज चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर है। उधर, पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से सात आरोपी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया ह। पकड़े गए आरोपियों में पांच नाबालिग हैं। हमले में मारे गए युवक की पहचान निहाल विहार निवासी 21 वर्षीय शुभम कुमार दत्त के रूप में हुई है। जबकि शुभम का छोटा भाई 19 वर्षीय नीरज घायल है। शुभम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और डिजिटल मार्केटिंग के साथ वेबसाइट बनाता था। परिजन ने बताया कि शुक्रवार रात शुभम बाजार में कुछ सामान खरीदने गया था। इस दौरान पचास फूटा रोड पर कुछ नशेड़ियों ने उससे लूटपाट की कोशिश की। शुभम ने विरोध किया तो उससे उलझ गए। इस पर उसने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इससे खफा नशेड़ियों ने शुभम की पिटाई कर दी। घटना के बाद शुभम वापस घर आया और छोटे भाई को लेकर घटनास्थल पर पहुंचा, तो आरोपी फिर झगड़ने लगे।
इस बीच शुभम ने दोस्तों को फोन कर बुलाना चाहा तो आरोपियों ने दोनों भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। शुभम के पेट में चाकू के गंभीर घाव होने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस घायल नीरज के बयान के आधार पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।