इंदौर : होल्कर राजमहल में हुई एमपी कैबिनेट की बैठक
मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक मंगलवार को पहली बार राजवाड़ा में हुई। यह स्थल 18वीं शताब्दी की शासक अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के समापन के अवसर पर चुना गया। मुख्यमंत्री यादव और मंत्रियों ने...

इंदौर, एजेंसी। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को पहली बार मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक राजवाड़ा में हुई। राजवाड़ा इंदौर के पूर्व होल्कर शासकों द्वारा बनवाया गया महल है। उल्लेखनीय है कि कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे मंत्री विजय शाह, मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में अनुपस्थित रहे। यह स्थल इंदौर राज्य की 18वीं शताब्दी की प्रसिद्ध शासक अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के समापन के अवसर पर चुना गया था। बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री यादव और अन्य मंत्रियों के सिर पर पारंपरिक मालवी पगड़ी बांधी गई।
एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के पास अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा रखी गई। बैठक में राज्य के विजन दस्तावेज ‘विकसित मध्य प्रदेश 2047 पर चर्चा हुई। इससे पहले यादव ने राजवाड़ा के दरबार हॉल में संरक्षण और जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया। अधिकारी ने बताया कि करीब 200 साल पहले बने राजबाड़ा पर पहली बार कैबिनेट की बैठक हुई। लकड़ी और पत्थर से बनी सात मंजिला इमारत की स्थापत्य शैली में फ्रेंच, मराठा और मुगल शैलियों का मिश्रण है। अहिल्याबाई की 300वीं जयंती वर्ष पिछले साल 31 मई से शुरू हुआ था और इस अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।