Pre-Monsoon Rain Hits Delhi Weather Alert and Traffic Disruptions मौसम-प्री मानसून बारिश से भीगी दिल्ली, आज के लिए यलो अलर्ट , Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsPre-Monsoon Rain Hits Delhi Weather Alert and Traffic Disruptions

मौसम-प्री मानसून बारिश से भीगी दिल्ली, आज के लिए यलो अलर्ट

-कई इलाकों में निम्न से मध्यम बारिश हुई दर्ज -तापमान गिरने से मौसम हुआ

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 17 June 2025 09:00 PM
share Share
Follow Us on
मौसम-प्री मानसून बारिश से भीगी दिल्ली, आज के लिए यलो अलर्ट

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता मानसून आने से पहले प्री मानसून बारिश ने मंगलवार को राजधानी को भिगो दिया। दिन भर उमस और हवा में गर्मी के एहसास के बाद दोपहर बाद मौसम बदल गया। मौसम विभाग का कहना है कि लगभग एक सप्ताह तक राजधानी में यही स्थिति रहने वाली है। अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में कमी हो सकती है। मंगलवार को मौसम में बदलाव के बाद कई जगहों पर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। कई जगहों पर निम्न से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। मंगलवार को दोपहर बाद बदले मौसम में आसमान में घने बादल छा गए।

कई लोग सड़क पर गाड़ियों की लाइट जलाकर चल रहे थे। बारिश के कारण कई पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रमुख जगहों पर लोगों को जाम से भी जूझना पड़ा। मौसम विभाग ने मंगलवार को दोपहर 2.15 बजे से शाम 4.15 के बीच रेड अलर्ट जारी कर दिया था। इस बीच राजधानी के कई इलाकों में तेज हवा के साथ निम्न से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश पूसा में 40.5 मिमी दर्ज की गई। पालम में 37.2 मिमी, आया नगर में 22.8 मिमी, रिज पर 14.8 मिमी, सफदरजंग में 10.4 मिमी तथा लोधी रोड पर 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को दिन में कई जगहों पर मामूली बारिश दर्ज की गई। लेकिन शाम पांच बजे के बाद भी कई इलाकों में तेज बारिश हुई। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम था जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। राजधानी में नमी का स्तर अधिकतम 98 फीसद तथा न्यूनतम 59 फीसद दर्ज किया गया। बुधवार के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को सामान्य रूप से आसमान में बादल छाए रहेंगे। शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, और तेज हवाएं चलेंगी जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है, जो गरज के दौरान अस्थायी रूप से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 34 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सबसे अधिक हवा की गति सलवान पब्लिक स्कूल के पास दोपहर 2.45 बजे 43 किलो मीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। आईएमडी ने जारी किया था परामर्श मौसम विभाग ने अपनी वेबसाइट पर मध्यम स्तर के आंधी-तूफान की चेतावनी देते हुए जनता के लिए सुरक्षा परामर्श भी जारी किया था। इसमें यह भी कहा गया था कि लोगों को घरों के भीतर रहने और अनावश्यक रूप से यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है। करंट से बचने के लिए बिजली से चलने वाले उपकरण भी बंद रखने की सलाह दी गयी है। लोगों को पेड़ या धातु से बनी संरचनाओं के नीचे शरण लेने और बिजली गिरने के दौरान बाहर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के खिलाफ आगाह किया गया है। मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश हैं। इसमें ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।